दिल्ली के सीएम को लेकर हलचल तेज, भाजपा ने उपराज्यपाल से मिलने का मांगा समय

By Tatkaal Khabar / 09-02-2025 02:04:32 am | 4878 Views | 0 Comments
#

दिल्ली विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करने के बाद भाजपा ने रविवार को उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना के साथ नवनिर्वाचित पार्टी विधायकों की बैठक के लिए समय मांगा।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने सक्सेना को पत्र लिखकर पार्टी के 48 नवनिर्वाचित विधायकों और सात लोकसभा सांसदों के साथ बैठक के लिए समय मांगा।

भाजपा ने दिल्ली विधानसभा में 70 सीटों में से 48 सीटें जीती हैं, इससे पार्टी सरकार बनाने की दावेदार हो गई है। बैठक के माध्यम से भाजपा सरकार बनाने की औपचारिक प्रक्रिया शुरू कर देगी।

वहीं दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा पार्टी के सभी 48 नवनिर्वाचित विधायकों से मुलाकात करेंगे। उनकी इस मुलाकात को विधायक दल के नेता के चुनाव की प्रक्रिया को तेज करने के रूप में देखा जा रही है। माना जा रहा है कि इस मुलाकात के बाद विधायक दल के नेता के चुनाव की प्रक्रिया को आधिकारिक तौर पर शुरू किया जाएगा, जिससे दिल्ली में नई सरकार का गठन जल्द हो सके।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं के अनुसार दिल्ली में नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेश दौरे से लौटने के बाद आयोजित किया जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी 12 से 13 फरवरी तक अमेरिका के दौरे पर जा रहे हैं। इस दौरान उनकी मुलाकात अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प से होनी है।

70 सदस्यीय दिल्ली विधानसभा के चुनाव में भाजपा को 48 सीटों पर जीत मिली है, जबकि आप को 22 सीटें मिली हैं। कांग्रेस का खाता नहीं खुला है।