वापस सलाखों के पीछे पहुचें शहाबुद्दीन, कहा-समर्थक मुख्यमंत्री को सबक सिखाएंगे...

By Prashant Jaiswal / 30-09-2016 03:43:12 am | 48115 Views | 0 Comments
#

मोहम्मद शहाबुद्दीन को हत्या के मामले में उच्चतम न्यायालय द्वारा जमानत रद्द किये जाने के बाद शुक्रवार को 20 दिन बाद शहाबुद्दीन वापस सलाखों के पीछे पहुंच गये। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके समर्थक ‘‘उन्हें सबक सिखाएंगे।’ शीर्ष अदालत के आदेश के कुछ घंटों बाद शहाबुद्दीन ने न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी संदीप कुमार की अदालत के सामने आत्मसमर्पण किया। उनका चेहरा ढका था क्योंकि वे हेलमेट पहनकर एक मोटरसाइकिल पर पीछे बैठकर अदालत पहुंचे। शहाबुद्दीन 11 साल जेल में रहने के बाद 10 सितंबर को जेल से बाहर निकले थे। राजद प्रमुख लालू प्रसाद के करीबी माने जाने वाले शहाबुद्दीन ने अदालत परिसर में अपने समर्थकों की तालियों के बीच कहा, ‘मेरे समर्थक अगले चुनाव में उन्हें (कुमार) सबक सिखाएंगे।’ उन्होंने अदालत में पेश होने से पहले संवाददाताओं से कहा, ‘मैं उस सच के साथ खड़ा हूं जो मैंने उनके बारे में कहा था मुझे आज सच बोलने में कोई दिक्कत नहीं है।’