Delhi Border Seal: Rakesh Tikait पर हमले के बाद किसानों का प्रदर्शन तेज

By Tatkaal Khabar / 02-04-2021 04:00:20 am | 17047 Views | 0 Comments
#

किसान नेता राकेश टिकैत की गाडियों के काफिले पर कुछ अज्ञात लोगों ने कथित रूप से पत्थर फेंके. इसके बाद किसानों का गुस्सा सड़कों पर देखने को मिला है. दिल्ली बॉर्डर पर कई जगहों पर जाम की स्थिति देखने को मिल रही है और किसान प्रदर्शन कर रहे हैं. जिसके कारण दिल्ली के कई बॉर्डर सील कर दिए गए हैं.


कृषि कानूनों के विरोध में किसान पिछले कई महीनों से प्रदर्शन कर रहे हैं. इस बीच आज फिर किसानों का प्रदर्शन लोगों के लिए समस्या बन गया है. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि किसान आंदोलन के कारण, NH-9 और NH-24 दोनों स्लिप साइड सर्विस रोड सहित ऊपर और नीचे बंद हैं. वहीं विरोध के कारण चिल्ला बॉर्डर (दोनों कैरिजवे) पर ट्रैफिक आंदोलन के कारण बंद है. इसके साथ ही नोएडा बॉर्डर पर जाम लगा हुआ है.ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि दिल्ली से गाजियाबाद की ओर अन्य स्थानों पर डायवर्जन जारी है. वहीं डॉ. हेडगेवार मार्ग पर बसों और भारी सामानों के वाहनों को अनुमति नहीं है. साथ ही गाजियाबाद की तरफ से आने वाले ट्रैफिक को नाला रोड, ऊपरी नहर, हिंडन नहर से भी अनुमति नहीं है.


राकेश टिकैत पर हमला


बता दें कि किसान नेता राकेश टिकैत ने आज अलवर में दो किसान रैलियों को संबोधित किया, जहां उन पर हमले की घटना सामने आई. पुलिस ने बताया कि घटना उस समय की है जब राकेश टिकैत बहरोड के ततारपुर चौराहे पर दूसरी रैली को संबोधित करने जा रहे थे. पुलिस ने बताया कि उनकी कार का पिछला कांच आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गया.