कर्नाटक में जीत के बाद बोले राहुल गांधी-नफरत का बाजार बंद हुआ

By Tatkaal Khabar / 13-05-2023 04:16:41 am | 10675 Views | 0 Comments
#

कर्नाटक विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की भारी जीत के बाद पार्टी के नेता राहुल गांधी ने राज्य की जनता का आभार जताते हुए कहा कि नफरत का बाजार अब बंद हुआ और प्यार की दुकान खुल गई है। साथ ही उन्होंने कहा कि गरीब लोगों की ताकत ने क्रोनी कैपिटलिज्म की ताकत को हरा दिया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पार्टी मुख्यालय पहुंचकर मीडिया से बात करते हुए कहा कि नमस्कार, सबसे पहले कर्नाटक की जनता, सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को बधाई। गरीब जनता की शक्ति ने बीजेपी को हराया। कांग्रेस पार्टी हमेशा से गरीबों के साथ रही।

उन्होंने कहा, कर्नाटक चुनाव में एक तरफ क्रोनी कैपिटलिज्म था और दूसरी तरफ गरीब लोगों की ताकत थी। गरीब लोगों की ताकत ने सर्वशक्तिमान को हरा दिया। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस गरीबों के साथ खड़ी है और हमने उनके मुद्दे पर लड़ाई लड़ी। उन्होंने कहा, हमारी लड़ाई नफरत पर नहीं, बल्कि प्यार के मुद्दों पर थी। हम लोगों के साथ मिल कर लड़े और राज्य की जनता ने दिखा दिया कि प्यार जीत सकता है।



उन्होंने कहा कि यह अन्य राज्यों में भी दोहराया जाएगा। उन्होंने कहा, कर्नाटक में नफरत की दुकान बंद हो गई है और प्यार की दुकान खुल गई है। यह कर्नाटक के लोगों की जीत है। हमने पांच वादे किए थे और हम अपनी पहली कैबिनेट बैठक में उन वादों को पूरा करेंगे। कांग्रेस कर्नाटक में सरकार बनाने जा रही है। इससे पहले कांग्रेस की जीत के बाद पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़े, ढोल नगारे बजा कर मृत्य किया और मिठाइयां बांटी।

कांग्रेस की जीत पर प्रियंका गांधी ने कहा कि ये आपके मुद्दों की जीत है, कर्नाटक की जनता की जीत है। कांग्रेस पार्टी पूरी लगन के साथ कर्नाटक की जनता को दी गई गारंटियों, चुनावी वादों को पूरा करने का काम करेगी। प्रियंका गांधी ने कहा कि कर्नाटक में कांग्रेस के तमाम मेहनती कार्यकर्ताओं व नेताओं की एकजुटता और मेहनत से ये जीत मिली है इसलिए सभी को मेरी शुभकामनाएं। कांग्रेस पार्टी पूरी लगन के साथ कर्नाटक की जनता को दी गई गारंटियों चुनावी वादों को पूरा करने का काम करेगी।