बारिश से सीएम धामी एक्शन में, आज किया औचक निरीक्षण

By Tatkaal Khabar / 11-07-2023 03:43:05 am | 9187 Views | 0 Comments
#

उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश से सीएम धामी एक्शन में है। हालात का जायजा लेने सीएम खुद मैदान में उतर आए है। बताया जा रहा है कि देहरादून में बरसात से प्रभावित क्षेत्रों का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जलभराव को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए है। साथ ही कार्रवाई करने की बात भी कही है।

देहरादून में लगातार हो रही बारिश के बीच मंगलवार सुबह शहर में जगह – जगह पानी भर गया । आईएसबीटी के बाहर पानी भरने से लोग आईएसबीटी के अंदर बसों में फंसे रहे। क्लेमनटाउन और चंद्रबनी की कई कॉलोनियों में चार – चार फिट तक पानी भर गया। जिस पर सीएम खुद हालातों का जायजा लेने पहुंचे। सीएम धामी ने आई.एस.बी.टी में सड़क पर हुए जलभराव को लेकर जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि जलभराव के कारणों की जांच की जाए एवं जो भी अधिकारी इसमें दोषी पाये जाते हैं, उन पर सख्त कार्रवाई की जाए।


वहीं मुख्यमंत्री ने इसके बाद चन्द्रबनी का स्थलीय निरीक्षण किया। चन्द्रबनी स्थित एक कॉलोनी में जंगल से पानी आने की वजह से जल भराव की स्थिति आई। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी देहरादून को निर्देश दिये कि इस समस्या का शीघ्र समाधान किया जाए। निरीक्षण के दौरान आयुक्त गढ़वाल विनय शंकर पाण्डेय, जिलाधिकारी देहरादून  सोनिका एवं जिला प्रशासन के अधिकारी उपस्थित थे।