केरल में भारी बारिश से तबाही 4000 लोगों को बाहर निकाला गया, स्कूल, ऑफिस सब बंद

By Tatkaal Khabar / 10-08-2018 01:39:48 am | 14214 Views | 0 Comments
#

कोच्चि के इरनाकुलम जिले में बाढ़ का कहर शुक्रवार को भी जारी है। इडुक्की जलाशय के चौथे दरवाजे को खोलने के बाद पेरियार नदी का जलस्तर इतना बढ़ गया है कि इरनाकुलम जिला लगभग डूब गया है। इसी वजह से अधिकारियों ने स्कूल और दफ्तर बंद करने के आदेश दिए हैं। जलस्तर बढ़ने की वजह से कोच्चि एयरपोर्ट के डूबने की आशंका भी जताई जा रही है।
जलाशय का पानी जो जिले से 130 किलोमीटर की दूरी पर है उसने पहले ही शहर के निचले इलाकों के लिए खतरा पैदा कर दिया है। इरनाकुलम के जिला कलेक्टर मोहम्मद सफीरुल्ला ने कहा, 'हम हाई अलर्ट पर हैं। निचले इलाकों में रह रहे कम से कम 4000 लोगों को राहत एवं बचाव कैंप में भेज दिया गया है। हमने प्रभावित इलाकों के सभी शैक्षणिक संस्थानों को बंद कर दिया है।'

जल विद्युत परियोजनाओं के अलावा यह नदी कोच्चि सहित बहुत से क्षेत्रों के लिए पीने के पानी का मुख्य स्रोत भी है। राज्य के राजस्व मंत्री ई चंद्रशेखरन ने कहा, पानी हटाने का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है।