झांसी में शराब के ठेके पर महिलाjओं का हंगामा, बोतलें तोड़कर जताया विरोध

By Tatkaal Khabar / 03-11-2026 10:15:50 am | 69 Views | 0 Comments
#

नई दिल्ली, 03 नवंबर 2026 उत्तर प्रदेश के झांसी में शराब की बिक्री के खिलाफ महिलाओं ने मोर्चा खोल दिया। गुरसराय थाना क्षेत्र के नारायणपुरा कस्बे में 10 से 15 महिलाएं देशी शराब के ठेके पर पहुंचीं और वहां रखी शराब की बोतलों को सड़क पर फेंककर नष्ट कर दिया। महिलाओं ने बोतलों को डंडों और पैरों से कुचला। बताया जा रहा है कि इलाके में शराब पीने से कई लोगों की मौत होने के आरोपों के बाद महिलाओं ने यह कदम उठाया। इसके बाद उन्होंने ठेका हटाने की मांग को लेकर सड़क पर धरना शुरू कर दिया। जानकारी के मुताबिक, 2 नवंबर 2026 को सुबह करीब 10:30 बजे गुरसराय पुलिस को नारायणपुरा स्थित शराब के ठेके पर हंगामे की सूचना मिली। बताया गया कि 10 से 15 महिलाएं अचानक दुकान के अंदर पहुंचीं और वहां रखी शराब की पेटियां उठाकर सड़क पर फेंकने लगीं। उन्होंने डंडों और पैरों से बोतलों को कुचलकर तोड़ दिया। इस दौरान ठेके के आसपास काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। घटना की सूचना पर गुरसराय थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। हालात को देखते हुए उपजिलाधिकारी गरौठा और क्षेत्राधिकारी गरौठा भी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने महिलाओं से बातचीत कर उन्हें शांत कराया, जिसके बाद उन्होंने धरना समाप्त कर दिया और अपने घर लौट गईं। पुलिस के अनुसार, फिलहाल इलाके में शांति व्यवस्था कायम है। पुलिस की आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, मामले में अभी तक गुरसराय थाने में कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त होने पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, शराब के सेवन से कई लोगों की मौत होने के आरोपों और उनसे जुड़ी परिस्थितियों को लेकर पुलिस ने अभी तक कोई विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है।