अमित शाह का राहुल गांधी पर हमला, बोले- 'वोट बचाओ नहीं, घुसपैठिया बचाओ रैली थी'

By Tatkaal Khabar / 02-11-2026 03:13:51 am | 23 Views | 0 Comments
#

नई दिल्ली, 02 नवंबर 2026 केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली में राहुल गांधी की रैली को लेकर कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस की ओर से आयोजित रैली के उद्देश्य पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि एसआईआर की प्रक्रिया का विरोध कर पार्टी बांग्लादेशी घुसपैठियों के नाम मतदाता सूची में बनाए रखना चाहती है। शाह ने स्पष्ट किया कि भाजपा मतदाता सूची से घुसपैठियों के नाम हटाने के अपने अभियान से पीछे नहीं हटेगी। अमित शाह ने राहुल गांधी की रैली को लेकर कहा, "कल दिल्ली में भी एक रैली हुई थी। राहुल जी की रैली हुई थी। इन्होंने कहा वोट बचाओ रैली है। अरे कांग्रेस वालों, ये वोट बचाओ रैली नहीं थी, घुसपैठिया बचाओ रैली थी, घुसपैठिया बचाओ रैली थी।" गृह मंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस एसआईआर की प्रक्रिया को बाधित कर मतदाता सूची से बांग्लादेशी घुसपैठियों के नाम हटाने से रोकना चाहती है। उन्होंने राहुल गांधी और तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी को संबोधित करते हुए कहा, "कांग्रेस पार्टी एसआईआर को रोककर देश की मतदाता सूची से बांग्लादेशी घुसपैठियों को बचाना चाहती है मगर मैं आज कहने आया हूं राहुल जी, रेवंत रेड्डी जी, जितना जोर लगाना है लगा दो, भारतीय जनता पार्टी एक-एक घुसपैठिये को मतदाता सूची और देश के बाहर निकाल कर दम लेगी।"