21 क्विंटल मिठाइयों से हुआ बाबा विश्वनाथ का दिव्य श्रृंगार, अन्नकूट पर सजा भव्य दरबार

By Tatkaal Khabar / 10-11-2026 05:21:30 am | 30 Views | 0 Comments
#

लखनऊ, 10 नवंबर 2026 दीपावली के उत्सव के बाद अन्नकूट पर्व पर वाराणसी के श्री काशी विश्वनाथ धाम में विशेष धार्मिक आयोजन हुआ। मंगलवार को बाबा विश्वनाथ का दरबार 21 क्विंटल विभिन्न प्रकार की मिठाइयों से भव्य रूप में सजाया गया। बूंदी और मेवे के लड्डुओं समेत पारंपरिक मिष्ठानों से भगवान श्री विश्वेश्वर महादेव का आकर्षक श्रृंगार किया गया। फूलों, दीपों और धूप की सुगंध से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय नजर आया। इस दौरान हर-हर महादेव के जयकारों के बीच श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन किए और सुख, शांति एवं समृद्धि की प्रार्थना की। पर्व के अवसर पर धार्मिक परंपराओं के अनुरूप भगवान श्री विश्वनाथ, माता गौरी और गणेश जी की पंचबदन रजत चल प्रतिमाओं की शोभायात्रा निकाली गई। यह यात्रा टेढ़ीनीम स्थित महंत परिवार के आवास से प्रारंभ होकर मंदिर परिसर पहुंची। शहनाई की मधुर स्वर लहरियों, डमरू की थाप और हर-हर महादेव के जयघोष के बीच श्रद्धालु इस शोभायात्रा के साक्षी बने। मंदिर पहुंचने के बाद तीनों रजत प्रतिमाओं को विधिवत गर्भगृह में स्थापित किया गया। गर्भगृह में भगवान विश्वनाथ की मध्याह्न भोग आरती आयोजित की गई। इस दौरान विभिन्न प्रकार की मिठाइयों और पारंपरिक पकवानों का भोग लगाकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। सुबह से ही श्री काशी विश्वनाथ धाम में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। अन्नकूट पर्व के विशेष आयोजन और बाबा के दिव्य श्रृंगार के दर्शन कर भक्तों में खासा उत्साह दिखाई दिया। भोग आरती संपन्न होने के बाद मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। भक्तों ने प्रसाद ग्रहण कर इसे बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद माना। अन्नकूट पर्व पर हुए इस भव्य आयोजन के साथ श्री काशी विश्वनाथ धाम में दिनभर भक्ति, उल्लास और धार्मिक श्रद्धा का वातावरण बना रहा।