राहुल गांधी देख रहे हैं मुंगेरी लाल के सपने: अमित शाह

By Tatkaal Khabar / 03-12-2018 04:20:56 am | 8593 Views | 0 Comments
#

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने सोमवार को राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में चुनावी रैली में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी, राजस्थान की जनता को अपने सेनापति का नाम क्यों नहीं बता रहे हैं।

शाह ने कहा कि चुनाव में दो खेमे बंट चुके हैं, एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में भाजपा है जिसमें देशभक्त हैं। तो दूसरी तरफ कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी हैं, जिनकी पार्टी में ना नेता हैं ना नीयत हैं। सात दिसंबर को राजस्थान की जनता एक बार फिर भाजपा की सरकार बना रही है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश हम जीत चुके हैं, अब राजस्थान की बारी है।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को तो दिन में मुंगेरी लाल के सपने आ रहे हैं। राहुल बाबा को दिन में सपने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक ओर सर्जिकल स्ट्राइक में कांग्रेस के लोगों को राजनीति दिखाई पड़ती है और वहीं दूसरी ओर कांग्रेस पार्टी देश में घुसे घुसपैठियों के समर्थन में खड़ी हो जाती है।

अमित शाह बोले कि राहुल गांधी को 2014 के बाद का चुनावी इतिहास नहीं पता है, उसके बाद जितने भी चुनाव हुए हैं, उनमें से अधिकतर चुनाव भारतीय जनता पार्टी ने जीते हैं।