चांदनी चौक लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे कपिल सिब्बल
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने एक बार फिर दिल्ली से लोकसभा चुनाव का ऐलान किया है।सिब्बल ने कहा कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन हो या नहीं हो, लेकिन वह चांदनी चौक लोकसभा क्षेत्र से निश्चित तौर पर चुनाव लड़ेंगे। यह पूछे जाने पर क्या दिल्ली में कांग्रेस और आप के बीच गठबंधन होगा, तो सिब्बल ने कहा, ‘मैं नहीं जानता। इस बारे में फैसला पार्टी को करना है। गठबंधन को लेकर पार्टी में दो राय है। गठबंधन हो या नहीं हो, मैं चांदनी चौक से निश्चित तौर पर चुनाव लड़ूंगा।’
सिब्बल 2004 और 2009 में चांदनी चौक लोकसभा सीट से से चुनाव जीते थे लेकिन 2014 में हुए लोकसभा चुनाव के दौरान मोदी लहर में उन्हें केंद्रीय मंत्री हर्षवर्धन ने करारी शिकस्त दी थी। आपको बता दें कि दिल्ली में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच गठबंधन की खबर आ रही है। गठबंधन को लेकर कांग्रेस में ही राय बटी हुई नजर आ रही है। जहां एक तरह दिल्ली प्रभारी पीसी चाको गठबंधन के पक्ष में हैं तो वहीं प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष शीला दीक्षित खुलकर इसका विरोध कर रही हैं।