पूर्व पीएम मनमोहन सिंह पर जेपी नड्डा ने किया पलटवार, कहा- आपके कार्यकाल में पड़ोसी देश ने 600 बार की घुसपैठ

By Tatkaal Khabar / 22-06-2020 04:06:31 am | 19620 Views | 0 Comments
#

बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर पलटवार किया है. उन्होंने कहा है कि चीन ने मनमोहन सिंह के प्रधानमंत्री रहते सैकड़ों वर्ग किलोमीटर भूमि बिना संघर्ष के छीन ली. साथ ही जेपी नड्डा ने कहा कि मनमोहन सिंह के कार्यकाल में 2010 से 2013 के बीच पड़ोसी देश ने 600 बार घुसपैठ की.


बता दें कि मनमोहन सिंह ने चीन के साथ मौजूदा गतिरोध से निपटने को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा था, जिसके बाद ट्विटर पर नड्डा ने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं तथा उनकी पार्टी को “हमारे बलों का बार-बार अपमान और उनकी वीरता पर सवाल उठाना बंद करना चाहिए.”

जेपी नड्डा ने कहा, कांग्रेस पार्टी के बड़े नेताओं के बयान पर कोई भी देशवासी भरोसा नहीं करेगा. बीजेपी अध्यक्ष ने मनमोहन सिंह को पहले अपनी पार्टी को समझाने की नसीहत दी है. जेपी नड्डा ट्वीट कर कहा, "पूर्व पीएम मनमोहन सिंह का बयान सिर्फ शब्दों की बाजीगरी है. कांग्रेस पार्टी और उनके नेताओं का व्यवहार ऐसा है जिसे देख किसी भी भारतीय को इस बयान पर भरोसा नहीं होगा. याद रखिए कांग्रेस ने हमेशा सेना पर सवाल उठाए हैं."