विराट का ‘फिटनेस चैलेंज’ स्वीकारा प्रधानमंत्री मोदी ने

By Tatkaal Khabar / 24-05-2018 03:00:37 am | 19743 Views | 0 Comments
#

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में फिटनेस को बढ़ावा देने के लिए सोशल मीडिया पर शुरू की गई खेलमंत्री राज्यवर्धनसिंह राठौड़ की मुहिम के तहत भारतीय क्रिकेट कप्तान विराट कोहली के ‘फिटनेस चैलेंज’ को स्वीकार किया है।


विराट ने ट्विटर पर राठौड़ द्वारा शुरू की गई मुहिम ‘हम फिट तो इंडिया फिट’ के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पूर्व क्रिकेट कप्तान महेंद्रसिंह धोनी और अपनी पत्नी अभिनेत्री अनुष्का शर्मा को टैग किया था।

इस पर मोदी ने चैलेंज को स्वीकार करते हुए आज ट्वीट किया, ‘चुनौती स्वीकार है विराट। मैं जल्दी ही अपना फिटनेस चैलेंज वीडियो अपलोड करूंगा।’

ओलंपिक रजत पदक विजेता रह चुके खेलमंत्री राठौड़ ने देश में फिटनेस को लेकर जागरूकता अभियान के तहत व्यायाम करते हुए अपना एक वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किया था।