Weather Forecast: अगले 2-3 दिनों में यूपी-बिहार में हो सकती है भारी बारिश

By Tatkaal Khabar / 20-08-2021 11:37:10 am | 15565 Views | 0 Comments
#

भारतीय मौसम विभाग ने शुक्रवार के दिन बताया कि बिहार और पूर्वी उत्तरप्रदेश में अगले 2-3 दिन में बारिश की संभावना है. साथ ही उत्तर पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में भी छिटपुट बारिश देखने को मिल सकती है. बता दें कि मॉनसून ट्रफ का पश्चिमी छोर अपनी सामान्य स्थिति के करीब है और पूर्वी छोर अपनी सामान्य स्थिति के दक्षिण में है.

दक्षिणी बिहार और इसके आसपास के क्षेत्रों में चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है. संभावना है कि अगले दो दिनों में यह पश्चिम की ओर बढ़ सकता है. विभाग के मुताबिक 20-23 अगस्त के बीच उत्तर पश्चिम भारत और बिहार के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना है. वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड के अलग अलग स्थानों पर बारिश की संभावना है. वहीं सप्ताह के अंत तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, और पूर्वी राजस्थान में भी छिटपुट बारिश की संभावना है.
बता दें कि अगले 24 घंटे के दौरान देश के कई राज्यों जैसे गुजरात और महाराष्ट्र में भी बारिश देखने को मिल सकती है. वहीं दिल्ली में बादल छाए हुए हैं व अगले तीन दिनों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है.