गूगल का सबसे बड़ा इवेंट "गूगल फॉर इंडिया", भारत आए सुंदर पिचाई

By Tatkaal Khabar / 20-12-2022 03:43:44 am | 9156 Views | 0 Comments
#

गूगल और अल्फाबेट के सीईओ सुंदर पिचाई ने विदेश मंत्री डॉo एसo जयशंकर से मुलाकात की। दोनों के बीच भारत के डिजिटल परिवर्तन और वैश्विक रणनीतिक विकास पर चर्चा की गई। गौरतलब है कि गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई भारत में गूगल का सबसे बड़ा इवेंट गूगल फॉर इंडिया के 8वें एडिशन के लिए भारत आए हैं। ये इवेंट 19 दिसंबर को दिल्ली के प्रगति मैदान में आयोजित किया गया था। इस इवेंट में सूचना एवं तकनीक मंत्री अश्विनी वैष्णव भी शामिल हुए थे। विदेश मंत्री डॉ० एस० जयशंकर ने गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई से मुलाकात के बाद ट्वीट किया कि आज दोपहर गूगल और अल्फाबेट के सीईओ सुंदर पिचाई से मिलकर अच्छा लगा। भारत के डिजिटल परिवर्तन और वैश्विक रणनीतिक विकास पर चर्चा की। वहीँ सुंदर पिचाई ने भारत को एक बड़ी निर्यात अर्थव्यवस्था बताते हुए कहा कि गूगल 100 से अधिक भारतीय भाषाओं के लिए एक इंटरनेट सर्च मॉडल विकसित कर रही है। महिलाओं के नेतृत्व वाली स्टार्टअप कंपनियों को 7.5 करोड़ डॉलर की मदद दी जाएगी। बता दें कि इससे पहले सुंदर पिचाई ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात की थी। पिचाई ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी थी और खुशी जाहिर करते हुए कहा था कि आपके नेतृत्व में तकनीकी परिवर्तन की तीव्र गति को देखकर प्रेरणा मिलती है। (रिपोर्ट: शाश्वत तिवारी)