Gujrat विमान हादसा :AAIB जांच शुरू, हॉस्टल की छत से मिला ब्लैकबॉक्स

अहमदाबाद। अहमदाबाद में हाल ही में हुई विमान दुर्घटना को लेकर एक अहम जानकारी सामने आई है। विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) ने स्पष्ट किया है कि मीडिया में प्रसारित हो रहे वीडियो में जो उपकरण दिखाई दे रहा है, वह डिजिटल फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर (DFDR) नहीं था। हालांकि, DFDR को दुर्घटनास्थल की छत से बरामद कर लिया गया है। AAIB ने बयान जारी कर बताया कि ब्लैक बॉक्स और DFDR दोनों को साइट से सुरक्षित रूप से निकाला गया है और इनकी फॉरेंसिक जांच प्रारंभ कर दी गई है। ब्यूरो ने कहा कि जांच कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है और इसके लिए सभी संसाधन झोंक दिए गए हैं। आपको बता दे की अहमदाबाद में गुरुवार को दर्दनाक हादसा हुआ था। एयर इंडिया की फ्लाइट दोपहर 1:38 बजे अहमदाबाद से लंदन के लिए रवाना हुई, जिसमें 230 यात्री और 12 क्रू मेंबर्स सवार थे। टेक ऑफ के कुछ मिनट बाद प्लेन क्रैश हो गया।अहमदाबाद एयरपोर्ट से कुछ दूरी पर प्लेन अस्पताल के हॉस्टल से टकराया और उसमें आग लग गई। मृतक यात्रियों में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी शामिल हैं। अन्य मृतक यात्रियों में 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और 1 कनाडाई नागरिक शामिल हैं।