एअर इंडिया पर DGCA की बड़ी कार्रवाई : डिविजनल वाइस प्रेसिडेंट समेत तीन वरिष्ठ अधिकारी हटाए गए

By Tatkaal Khabar / 21-06-2025 01:26:24 am | 3430 Views | 0 Comments
#

दिल्ली। एविएशन सुरक्षा नियामक नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) ने एयर इंडिया के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कंपनी के तीन वरिष्ठ अधिकारियों को क्रू शेड्यूलिंग और रोस्टरिंग से जुड़ी सभी जिम्मेदारियों से हटाने का आदेश दिया है। इन अधिकारियों में एक डिवीजनल वाइस प्रेसिडेंट भी शामिल हैं। यह कार्रवाई एअर इंडिया में पायलट शेड्यूलिंग और ड्यूटी रूल्स में बार-बार हो रही गंभीर चूक के मद्देनज़र की गई है। DGCA ने 20 जून को जारी अपने आदेश में कहा कि एअर इंडिया ने लाइसेंसिंग, आराम और 'रीसेंसी' (नवीनता) जरूरतों में चूक के बावजूद बार-बार नियमों का उल्लंघन किया है और फ्लाइट क्रू शेड्यूलिंग में भारी अनियमितताएं बरती हैं। एअर इंडिया की ओर से इन उल्लंघनों को स्वेच्छा से स्वीकार किया गया, जिसके बाद DGCA ने कार्रवाई करते हुए तीनों अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से हटाने और अनुशासनात्मक कार्यवाही शुरू करने का निर्देश दिया। एअर इंडिया ने शनिवार को जारी अपने आधिकारिक बयान में कहा, "हम DGCA के आदेश को स्वीकार करते हैं और उसे पूरी तरह लागू कर चुके हैं। क्रू शेड्यूलिंग की निगरानी अब कंपनी के चीफ ऑपरेशनल ऑफिसर द्वारा सीधे की जाएगी। एअर इंडिया सुरक्षा मानकों और संचालन संबंधी प्रोटोकॉल का पूरी तरह से पालन करने के लिए प्रतिबद्ध है।” DGCA ने यह भी स्पष्ट किया कि ये उल्लंघन ARMS से CAE फ्लाइट और क्रू मैनेजमेंट सिस्टम में संक्रमण के बाद की गई समीक्षा के दौरान सामने आए। उल्लेखनीय है कि ARMS (Airline Route Management System) एक सॉफ्टवेयर प्लेटफॉर्म है, जो क्रू रोस्टरिंग, फ्लाइट प्लानिंग और अन्य ऑपरेशनल गतिविधियों के लिए उपयोग किया जाता है।