योगी का सपा पर वार: ‘माफिया के लिए बहाते हैं आंसू, गरीबों की नहीं इन्हें चिंता’

By Tatkaal Khabar / 13-10-2026 12:14:30 pm | 74 Views | 0 Comments
#

लखनऊ, 13 अक्टूबर 2026 उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि पार्टी की सहानुभूति गरीबों, किसानों और श्रमिकों के बजाय माफिया तथा अपराधियों के प्रति रहती है। उन्होंने सपा की राजनीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि शिक्षा, सभ्य समाज और सामाजिक संवेदनशीलता के प्रति उसका रवैया चिंताजनक है। योगी आदित्यनाथ ने कहा, “शिक्षा से समाजवादी पार्टी का दूर-दूर तक कोई संबंध नहीं है। समाजवादी पार्टी का संबंध तो किसी माफिया से होगा, किसी गुंडे से होगा, किसी सौदे से होगा, किसी सड़क छाप करने वाले से होगा, उसका संबंध किसी शराफत वाली सोसाइटी से नहीं हो सकती।” उन्होंने आगे कहा, “शिक्षित समाज से नहीं हो सकती, सभ्य समाज से नहीं हो सकती और इसीलिए इनके अंदर संवेदना नहीं है।” मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि सपा सरकार के दौरान गरीबों, किसानों और शिक्षकों को सम्मान नहीं मिलता था, जबकि गैंगस्टर, दंगाई और फिरौती वसूलने वालों को मुख्यमंत्री आवास में बुलाया जाता था। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि जब उनकी सरकार माफिया के खिलाफ अभियान चलाती है, तो समाजवादी पार्टी को सबसे अधिक पीड़ा होती है। उन्होंने कहा कि किसान, युवा, महिलाएं, व्यापारी, शिक्षक और छात्र जैसे वर्गों के प्रति सपा की संवेदना नहीं दिखाई देती। योगी ने आरोप लगाया कि पार्टी माफिया और अपराधियों के लिए आंसू बहाती है, लेकिन गरीबों, किसानों और श्रमिकों के प्रति वैसी सहानुभूति नहीं दिखाती। योगी आदित्यनाथ ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश अब माफिया, कर्फ्यू और दंगों से मुक्त हो चुका है। उन्होंने कहा, “नो कर्फ्यू, नो दंगा, अब यूपी में है सब चंगा।” मुख्यमंत्री के मुताबिक, बेहतर कानून-व्यवस्था से शिक्षा, निवेश और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा मिलता है, जबकि बुनियादी ढांचे का विकास भी तेज होता है। उन्होंने प्रदेश में बेहतर माहौल को विकास की गति बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण बताया।