नहाय-खाय के साथ महापर्व छठ शुरू, वाराणसी में गंगा में श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी और की पूजा
वाराणसी । सूर्य उपासना के महापर्व छठ की शुरुआत 'नहाय-खाय' अनुष्ठान के साथ शुरू हो गई। धर्मनगरी काशी के गंगा घाटों पर छठ महापर्व को लेकर श्रद्धालुओं की भीड़ सुबह देखने को मिली। इस दौरान अस्सी घाट पर व्रती महिलाओं ने गंगा में पवित्र डुबकी लगाई। गंगा स्नान के बाद महिलाएं छठ वेदियों का पूजन किया।
चार दिनों तक चलने वाला छठ महापर्व शुक्रवार को पारंपरिक रस्म ‘नहाय-खाय’ के साथ शुरू हो गया। यह हिंदुओं के पवित्र त्योहारों में से एक है, जो सूर्य देव और छठी मैया की उपासना को समर्पित है।
पहले दिन की रस्में: साफ-सफाई और सात्विक भोजन
नहाय-खाय के दिन भक्त सुबह जल्दी उठकर नदियों, तालाबों या घर पर पवित्र स्नान करते हैं। कई लोग नहाने के पानी में गंगाजल भी मिलाते हैं। घर और रसोई की पूरी सफाई की जाती है। इस दिन विशेष सात्विक भोजन तैयार किया जाता है, जिसमें उबले चावल, चने की दाल और कद्दू (लौकी) की सब्जी शामिल होती है। खाना बनाते समय पवित्रता का विशेष ध्यान रखा जाता है।
कहां-कहां मनाया जाता है छठ
बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश से शुरू हुई छठ पूजा अब देश के कई हिस्सों में पूरी श्रद्धा से मनाई जाती है। दिवाली और भाई दूज के बाद आने वाला यह त्योहार परिवार की सुख-समृद्धि और बच्चों की भलाई के लिए विशेष माना जाता है।
चार दिनों की मुख्य रस्में
इस साल छठ पर्व शुक्रवार से शुरू होकर 16 नवंबर तक चलेगा। चार मुख्य रस्में हैं – नहाय-खाय, खरना, संध्या अर्घ्य और ऊषा अर्घ्य। मुख्य पूजा कार्तिक शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को होती है, जब भक्त डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य देते हैं।
छठ पूजा का महत्व
छठ पूजा को सूर्य षष्ठी, छठ पर्व, डाला पूजा और डाला छठ जैसे नामों से भी जाना जाता है। इसमें भक्त (खासकर महिलाएं) कठिन व्रत रखती हैं और बच्चों की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य तथा परिवार की सुख-शांति की कामना करती हैं।