डासना जेल में आजम खां से मिले शिवपाल यादव, बीजेपी पर साधा निशाना
लखनऊ, 12 नवंबर 2026 समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खां से मुलाकात के लिए पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और जसवंतनगर विधायक शिवपाल सिंह यादव गुरुवार को गाजियाबाद पहुंचे। उन्होंने डासना जिला कारागार में बंद पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खां से मुलाकात की। जेल से बाहर आने के बाद शिवपाल ने इस कार्रवाई को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा और आजम खां को बेवजह परेशान किए जाने का आरोप लगाया। शिवपाल यादव ने कहा, 'आजम खां को लगातार परेशान किया जा रहा है, मुझे लगता है कि ये झूठे केस हैं। उनकी एकमात्र गलती गरीब बच्चों के लिए यूनिवर्सिटी बनाना है।' उन्होंने जेल में बुनियादी प्रोटोकॉल का पालन नहीं होने पर भी सवाल उठाए। शिवपाल ने कहा, 'चार बार मंत्री और दो बार सांसद रहने के बावजूद, जेल के बेसिक प्रोटोकॉल भी फॉलो नहीं किए जा रहे हैं। हमें न्याय के लिए न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है। उनके परिवार को भी टारगेट किया जा रहा है। आजम खां समाजवादी पार्टी के साथ हैं, और उनके साथ हमारे रिश्ते बने रहेंगे।' आजम खां से मुलाकात के बाद शिवपाल यादव ने प्रदेश के राजनीतिक माहौल पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की जनता बीजेपी के खिलाफ है और समाजवादी पार्टी अगली सरकार बनाने के लिए पूरी तरह आश्वस्त है। उन्होंने आजम खां के साथ पार्टी के रिश्तों को लेकर भी स्पष्ट किया कि उनका साथ आगे भी बरकरार रहेगा। गौरतलब है कि रामपुर स्थित मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं और धनशोधन के मामले में ईडी की कार्रवाई के बाद आजम खां को 1 नवंबर को गाजियाबाद अदालत में पेश किया गया था। सुनवाई के बाद अदालत ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में डासना जेल भेज दिया था। ऐसे में शिवपाल यादव की यह मुलाकात सपा के राजनीतिक रुख और आजम खां के प्रति पार्टी के समर्थन के लिहाज से अहम मानी जा रही है।