अखिलेश का CM पर तंज- 1.27 करोड़ हिंदू वोट कटने का आंकड़ा कहां से आया?
लखनऊ, 13 नवंबर 2026 समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के मुद्दे पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और चुनाव आयोग को घेरा है। उन्होंने मुख्यमंत्री के उस दावे पर सवाल उठाया, जिसमें एक करोड़ 27 लाख हिंदू मतदाताओं के नाम कटने की बात कही गई थी। अखिलेश ने पूछा कि आखिर मुख्यमंत्री को इतनी बड़ी संख्या में वोट कटने की जानकारी कहां से मिली और चुनाव आयोग ने उन्हें यह आंकड़ा किस आधार पर उपलब्ध कराया। उन्होंने इस पूरे मामले को रहस्यमयी बताते हुए चुनाव आयोग की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए। अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि अगर इसी आधार पर आंकड़ों की बात की जाए तो PDA के 90 प्रतिशत वोट कटने का दावा भी किया जा सकता है। उन्होंने कहा, "अगर वही बात हम कहें तो हम कहेंगे ninety percent PDA कट गया वोट। एक करोड़ PDA का वोट कट गया और मैं ये दावे के साथ कह रहा हूं आपको।" सपा प्रमुख ने सवाल उठाया कि मुख्यमंत्री को हिंदू मतदाताओं के नाम कटने का आंकड़ा किस माध्यम से मिला। अखिलेश ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग ने मुख्यमंत्री को इस मुद्दे पर आगे बयान देने से रोकने के लिए दबाव बनाया है। उन्होंने कहा, "Election Commission ने उन्हें लगता है धमकाया है, अब वो एक करोड़ सत्ताइस लाख हिंदू वोट की बात नहीं करेंगे। मैं पिछले दो दिन से भाषण सुन रहा हूं। मैं समझने की कोशिश कर रहा हूं कि भाषण में एक और सत्ताइस लाख की बात क्यों नहीं आ रही है? इस पे मैं समझता हूं मेरे पत्रकार साथी मदद करेंगे।" इसके बाद मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा, "और जब कुछ नहीं चला बस उनका, तो क्या डायलॉग है उनका - जाओ भैंस चराओ।"