दुनिया में बढ़ा आयुर्वेद का दायरा, 28 देशों के साथ भारत की साझेदारी

By Tatkaal Khabar / 13-11-2026 12:20:12 pm | 239 Views | 0 Comments
#

नई दिल्ली, 13 नवंबर 2026 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आयुर्वेद और योग को वैश्विक स्तर पर मिल रही पहचान का जिक्र करते हुए कहा कि भारतीय चिकित्सा पद्धतियों के प्रति दुनिया का रुझान लगातार बढ़ रहा है। भारत इन पारंपरिक विधाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने के साथ-साथ इनके लाभ को देश के हर नागरिक तक पहुंचाने की दिशा में भी काम कर रहा है। प्रधानमंत्री ने बताया कि विश्व के विभिन्न देशों में आयुर्वेद से संबंधित 150 से अधिक प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों को मान्यता मिल चुकी है। इसके साथ ही आयुर्वेद के विकास और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को प्रोत्साहित करने के लिए 28 देशों के साथ समझौता ज्ञापनों (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की कोशिश है कि आयुर्वेद और योग का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे। पीएम मोदी ने कहा कि वैश्विक स्तर पर होलिस्टिक हेल्थकेयर अब एक नए आंदोलन का रूप ले रहा है। इसी के चलते आयुर्वेद और प्राकृतिक चिकित्सा के प्रति लोगों की दिलचस्पी बढ़ी है। उन्होंने यह भी बताया कि योग को व्यापक स्तर पर प्रोत्साहित करने के लिए आवश्यकतानुसार नियमों में बदलाव किए गए हैं। भारत में योगासन को प्रतिस्पर्धी खेल के रूप में मान्यता देना इसी पहल का हिस्सा है। अब खेलो इंडिया और राष्ट्रीय खेलों जैसे बड़े आयोजनों में भी योगासन को शामिल किया गया है। प्रधानमंत्री ने इन बदलावों को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे योग को नई पहचान और आगे बढ़ने के नए अवसर मिले हैं।