छठ महापर्व : सूर्य उपासना, आध्यात्म, लोक आस्था और प्रकृति संरक्षण का अद्भुत समागम

By Tatkaal Khabar / 15-11-2026 03:41:54 am | 29 Views | 0 Comments
#

कार्तिक मास में  दिवाली के बाद ही छठ के सजे घाट भारतीय संस्कृति और लोक आस्था की मजबूती का अहसास कराते हैं। यह अनूठा महापर्व इंसान को मंदिरों की चारदीवारी से निकालकर सीधे प्रकृति की गोद में ले जाता है, जहां सूर्य प्रत्यक्ष देवता, नदियां पावन तीर्थ और प्रकृति पूजा का आधार बन जाती है। बांस के सूप और दउरा में सजे फल, ठेकुआ, गन्ने और अन्य प्रसाद प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक हैं। डूबते और उगते, दोनों सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा जीवन के हर पड़ाव के सम्मान और संतुलन का संदेश देती है। छठ केवल सूर्य उपासना नहीं, बल्कि आध्यात्म, इतिहास, लोक संस्कृति और सामाजिक समरसता का जीवंत उत्सव है। बिहार, झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश और नेपाल के तराई क्षेत्रों से शुरू हुई इसकी परंपरा आज देश-दुनिया तक पहुंच चुकी है। रोजगार और शिक्षा के लिए महानगरों में रहने वाले लोग भी अपनी मिट्टी और संस्कृति से जुड़ने के लिए इस अवसर पर घर लौटते हैं। लोकगीतों की मिठास, लगभग 36 घंटे के निर्जला व्रत की कठिन तपस्या और जाति-वर्ग के भेद से ऊपर उठकर एक घाट पर जुटने वाले श्रद्धालु इस पर्व को विशिष्ट बनाते हैं। प्रकृति, परिवार और समाज के प्रति कृतज्ञता का यह महापर्व प्रेम, पवित्रता, अनुशासन और पर्यावरण संरक्षण का शाश्वत संदेश देता है।

वैदिक परंपरा और पौराणिक मान्यताओं से जुड़ी सूर्य उपासना



छठ महापर्व की जड़ें भारतीय सभ्यता की प्राचीन सूर्योपासना परंपरा में हैं। ऋग्वेद में सूर्य, सविता, मित्र और पूषा जैसे सौर देवताओं की स्तुति मिलती है। वैदिक चिंतन में सूर्य को प्रकाश, ऊर्जा, आरोग्य और जीवन का आधार माना गया है। कृषि, वनस्पति, जलचक्र और जीव-जगत सूर्य की ऊर्जा पर निर्भर हैं। इसलिए प्राचीन भारतीय समाज में सूर्य को जीवनदाता के रूप में विशेष सम्मान मिला। छठ की परंपराओं को रामायण और महाभारत की कथाओं से भी जोड़ा जाता है। लोकमान्यता है कि लंका विजय के बाद भगवान राम और माता सीता ने अयोध्या लौटकर कार्तिक शुक्ल षष्ठी को सूर्य की उपासना की थी। एक अन्य मान्यता के अनुसार, माता सीता ने मुंगेर में गंगा तट पर छठ व्रत किया था। महाभारत में सूर्यपुत्र कर्ण को परम सूर्य उपासक बताया गया है। मान्यता है कि वे प्रतिदिन नदी में खड़े होकर सूर्य को अर्घ्य देते और जरूरतमंदों को दान करते थे। द्रौपदी की सूर्य आराधना की कथा भी प्रचलित है। ये धार्मिक-पौराणिक प्रसंग भारतीय जनमानस में सूर्य उपासना की प्राचीनता और गहरी आस्था दर्शाते हैं।

छठी मैया की पूजा और लोकविश्वास



छठ महापर्व में सूर्यदेव के साथ छठी मैया की पूजा का भी विशेष महत्व है। लोकविश्वास में उन्हें संतान की रक्षक, बच्चों को दीर्घायु देने वाली और परिवार को सुख-समृद्धि प्रदान करने वाली देवी माना जाता है। कुछ धार्मिक मान्यताओं में छठी मैया को सूर्यदेव की बहन और प्रकृति का स्वरूप बताया गया है। उनकी उत्पत्ति और स्वरूप को लेकर अलग-अलग क्षेत्रों में कई लोक कथाएं प्रचलित हैं। संतान प्राप्ति, बच्चों के अच्छे स्वास्थ्य, परिवार की सुख-शांति और समाज के कल्याण की कामना से स्त्री-पुरुष दोनों यह कठिन व्रत करते हैं। इस पर्व की खासियत है कि पूजा के लिए भव्य मंदिर या पुरोहित अनिवार्य नहीं हैं। नदी, तालाब, पोखर या अन्य जलाशयों के किनारे व्रती सीधे सूर्यदेव को अर्घ्य देकर प्रार्थना करते हैं। इस तरह छठ भक्त और प्रकृति के बीच सीधा संबंध स्थापित करता है।

चार दिनों की कठिन साधना और अनुष्ठान
छठ महापर्व चार दिनों का अनुशासन, पवित्रता और तपस्या से जुड़ा अनुष्ठान है। इसकी शुरुआत कार्तिक शुक्ल चतुर्थी को नहाय-खाय से होती है। व्रती स्नान कर घर और पूजा स्थल साफ करते हैं। भोजन में कद्दू की सब्जी, चने की दाल और अरवा चावल जैसे सात्विक व्यंजन बनते हैं। अनाज की सफाई, धुलाई, सुखाने और पीसने तक शुद्धता का ध्यान रखा जाता है। दूसरे दिन कार्तिक शुक्ल पंचमी को खरना होता है। व्रती दिनभर उपवास रखते हैं और शाम को मिट्टी के चूल्हे पर गुड़ की खीर तथा रोटी का प्रसाद बनाते हैं। सूर्यदेव को भोग लगाने के बाद प्रसाद ग्रहण करते हैं। इसके बाद लगभग 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होता है। इस दौरान अन्न-जल त्यागकर व्रती जमीन पर सोते और नियमों का पालन करते हैं। तीसरे दिन षष्ठी को संध्या कालीन अर्घ्य दिया जाता है। व्रती परिवार और श्रद्धालुओं के साथ नदी, तालाब या अन्य जलाशयों पर पहुंचते हैं। बांस के सूप और दउरा में ठेकुआ, कसार, नारियल, केला, गन्ना, डाभ नींबू और मौसमी फल सजाए जाते हैं। जल में खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देते हैं। दीपों, पारंपरिक गीतों और सामूहिक प्रार्थनाओं से घाटों पर भक्तिमय वातावरण बनता है। चौथे दिन कार्तिक शुक्ल सप्तमी की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत पूरा होता है। व्रती पारण कर प्रसाद परिवार, पड़ोसियों और परिचितों में बांटते हैं। यह साधना संकल्प, धैर्य, आत्मसंयम और आस्था का उदाहरण है।

डूबते सूर्य की पूजा का आध्यात्मिक संदेश



छठ महापर्व की अनूठी विशेषता अस्ताचलगामी सूर्य की उपासना है। आमतौर पर उगते सूर्य को सफलता और नई शुरुआत का प्रतीक माना जाता है, लेकिन छठ डूबते सूर्य के प्रति भी सम्मान और कृतज्ञता का भाव सिखाता है। जीवन में सफलता-असफलता, उपलब्धि-संघर्ष और उन्नति-अवसान सभी आते हैं। इन्हें सहजता से स्वीकार करना ही जीवन का संतुलन है। डूबते सूर्य को अर्घ्य देना बीते समय और उसकी उपलब्धियों के प्रति आभार का प्रतीक है, जबकि अगली सुबह उगते सूर्य की पूजा नई उम्मीद, ऊर्जा और विश्वास जगाती है। यह पर्व परिवर्तन और प्रकृति के चक्र को स्वीकारने तथा अहंकार के बजाय विनम्रता अपनाने का संदेश देता है।