यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 5 IAS अफसरों का तबादला; 10 की बदली जिम्मेदारी

By Tatkaal Khabar / 31-10-2026 04:21:01 am | 70 Views | 0 Comments
#

नई दिल्ली, 31 अक्टूबर 2026 उत्तर प्रदेश में योगी सरकार ने शनिवार को प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव करते हुए कई वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में फेरबदल किया है। जारी आदेश के तहत पांच अधिकारियों का तबादला किया गया है, जबकि 10 अन्य अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। इस फेरबदल में शासन के कई महत्वपूर्ण विभागों को नए अधिकारी और अतिरिक्त प्रभार सौंपे गए हैं। मुख्य सचिव शशि प्रकाश गोयल को नागरिक उड्डयन विभाग के अपर मुख्य सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। अनुराग श्रीवास्तव को कृषि उत्पादन आयुक्त और आलोक कुमार-2 को अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त बनाया गया है। एम. देवराज को राज्य सतर्कता आयोग और प्रशासनाधिकरण-1 का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं, डॉ. एमकेएस सुंदरम को प्रमुख सचिव समन्वय तथा आलोक कुमार-3 को वित्त एवं संस्थागत वित्त विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अन्य बदलावों के तहत लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव अजय सिंह चौहान को यूपीसीडा का मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है। एमकेएस सुंदरम को यूपीईडा के परियोजना निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी मिला है। नियोजन विभाग के प्रमुख सचिव आलोक कुमार को वित्त एवं संस्थागत वित्त के साथ बाह्य सहायतित परियोजना की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि पंधारी यादव से बाह्य सहायतित परियोजना के प्रमुख सचिव का अतिरिक्त कार्यभार वापस ले लिया गया है। इसके अलावा यूपी जल निगम ग्रामीण के एमडी योगेश कुमार को पीसीडीएफ का प्रबंध निदेशक बनाया गया है। सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के सचिव कृष्ण कुमार को झांसी का मंडलायुक्त नियुक्त किया गया है। भूपेंद्र एस. चौधरी को उत्तर प्रदेश मानवाधिकार आयोग का सचिव बनाया गया है, जबकि प्रतीक्षारत देवेंद्र सिंह कुशवाहा को प्रशासनिक सुधार विभाग में विशेष सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के विशेष सचिव चंद्रशेखर को प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के सीईओ का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। समाज कल्याण विभाग के विशेष सचिव प्रवीण मिश्रा को अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम का प्रबंध निदेशक बनाया गया है। इन बदलावों के साथ प्रदेश के प्रशासनिक ढांचे में कई महत्वपूर्ण पदों पर नई जिम्मेदारियां तय की गई हैं।