लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर मजदूरों से भरी बस हादसे का शिकार, 2 की मौत और 43 घायल
लखनऊ, 09 नवंबर 2026 उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पारा थाना क्षेत्र के अंतर्गत लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे के जीरो पॉइंट के पास सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। राजस्थान से बिहार जा रही मजदूरों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर गड्ढे में गिर गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और आसपास के थानों की पुलिस टीम के साथ वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, हादसे में अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 43 लोग घायल हुए हैं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि यात्रियों से मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार बस राजस्थान के भिवाड़ी और भिवानी से रवाना हुई थी और बिहार जा रही थी। हादसे के बाद बस में सवार मजदूरों को बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने के साथ संबंधित अधिकारियों को भी घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त बस को सीधा करा दिया गया है और यात्रियों का सामान भी बाहर निकलवा लिया गया है। फिलहाल मौके पर स्थिति नियंत्रण में है और एक्सप्रेसवे पर यातायात सुचारु रूप से संचालित हो रहा है। पुलिस प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव की कार्रवाई पूरी कर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।