यूपी में स्किल डेवलपमेंट को नई रफ्तार, 50 हजार युवाओं को मिला रोजगार: योगी

By Tatkaal Khabar / 21-11-2026 05:06:34 am | 134 Views | 0 Comments
#

लखनऊ, 21 नवंबर 2026 बदलती तकनीक और उद्योगों की जरूरतों के बीच युवाओं को रोजगार के योग्य बनाने के लिए आधुनिक कौशल प्रशिक्षण पर जोर दिया जा रहा है। इसी दिशा में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में आईटीआई के आधुनिकीकरण, नई तकनीकों पर आधारित पाठ्यक्रमों और रोजगार के अवसरों को लेकर सरकार की पहल का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इंडस्ट्री 4.0 की आवश्यकताओं के अनुरूप कुशल कार्यबल तैयार करना बेहद जरूरी है। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री की प्रेरणा से उत्तर प्रदेश सरकार ने टाटा टेक्नोलॉजीज के सहयोग से प्रदेश के 150 से अधिक आईटीआई में प्रशिक्षण व्यवस्था को आधुनिक बनाया है। यहां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), ड्रोन टेक्नोलॉजी, रोबोटिक्स, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT) और 3D प्रिंटिंग जैसी उभरती तकनीकों से जुड़े पाठ्यक्रम शुरू किए गए हैं। उद्योगों की मांग को ध्यान में रखते हुए इन पाठ्यक्रमों को विकसित किया गया है। उन्होंने प्रसन्नता जताई कि इस प्रशिक्षण के जरिए तैयार हुए 12 हजार से अधिक युवा कैंपस प्लेसमेंट के माध्यम से अच्छी नौकरियां हासिल कर चुके हैं। योगी आदित्यनाथ ने वर्ष 2026 में प्रदेशभर में आयोजित रोजगार मेलों का जिक्र करते हुए बताया कि इनके माध्यम से कौशल प्रशिक्षण प्राप्त 50 हजार से अधिक युवाओं को सीधे रोजगार मिला है। इनमें 3,400 से अधिक दिव्यांग युवा भी शामिल हैं, जिन्हें इन रोजगार पहलों का लाभ प्राप्त हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सरकारी और निजी क्षेत्र के अंतर्गत पहले से ही व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास का व्यापक नेटवर्क मौजूद है। इन सभी व्यवस्थाओं को एकीकृत करने के लिए प्रत्येक जनपद में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल स्किलिंग एंड एम्प्लॉयमेंट जोन विकसित किए जा रहे हैं। इस दिशा में काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। इन केंद्रों पर युवाओं को एक ही छत के नीचे कौशल प्रशिक्षण देने के साथ उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप तैयार किया जाएगा। साथ ही राष्ट्रीय और वैश्विक बाजार की मांग को ध्यान में रखकर कुशल कार्यबल उपलब्ध कराने की व्यवस्था विकसित होगी। योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार इस पहल को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।