सपा ने कांग्रेस के साथ गठबंधन और सीट शेयरिंग के लिए बनाई उच्च स्तरीय समिति
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच गठबंधन तथा सीट शेयरिंग पर अहम बातचीत के लिए सपा ने एक सात सदस्यीय समिति का गठन किया है. इस समिति की अध्यक्षता रामगोपाल यादव करेंगे और इसमें दो डेटा विशेषज्ञ भी शामिल किए गए हैं. यह समिति 23 और 24 नवंबर को कांग्रेस के साथ बैठक करेगी.
यूपी विधानसभा चुनाव 2027 में सपा, कांग्रेस के साथ मिलकर इलेक्शन लड़ने की संभावनाएं लगातार तलाशी जा रही है। इस बीच, समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस से सीट बंटवारे पर बातचीत के लिए कमेटी का गठन कर दिया है। प्रोफेसर रामगोपाल यादव की अध्यक्षता में 5+2 सदस्यीय गठबंधन कमेटी का गठन हुआ है। इस कमेटी में 2 डेटा एक्सपर्ट भी मौजूद हैं, यानी सपा की 7 सदस्यीय कमेटी कांग्रेस से सीट शेयरिंग पर बातचीत करेगी।
23-24 नवंबर को कांग्रेस-सपा में होगी बातचीत
बता दें कि सपा के 5 नेता कांग्रेस से गठबंधन और सीट बंटवारे पर बातचीत करेंगे। आगामी 23-24 नवंबर को कांग्रेस से सपा की बातचीत होगी। इसमें सीट बंटवारे पर बातचीत आगे बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। इससे पहले, हाल ही में एक इंटरव्यू में सपा मुखिया अखिलेश यादव कह चुके हैं कि कांग्रेस ने उनके पास 181 सीटों की लिस्ट भेजी है। हालांकि, अखिलेश यादव का कहना है कि कोई भी सीट दोनों में उसी पार्टी को दी जाएगी, जो संबंधित विधानसभा क्षेत्र में जीतने की मजबूत स्थिति में होगी।
राहुल गांधी ने भी यूपी कांग्रेस के नेताओं संग की बैठक
इस बीच, कांग्रेस ने विधानसभा चुनावों के लिए अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस चीफ मल्लिकार्जुन खड़गे ने बीते सोमवार को नई दिल्ली में 10 राजाजी मार्ग पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस के सीनियर नेताओं के साथ एक मीटिंग की थी। इसमें पार्टी की तैयारियों की समीक्षा की गई और विधानसभा चुनावों के लिए स्ट्रैटेजी पर चर्चा हुई थी। इस मीटिंग में कांग्रेस महासचिव (संगठन) के.सी. वेणुगोपाल, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद और यूपी में कांग्रेस विधायक दल के नेता वीरेंद्र चौधरी शामिल रहे थे।
यूपी की जनता बदलाव चाहती है- खड़गे
इस मीटिंग के बाद मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा था कि चर्चा मुख्य तौर पर यूपी के मौजूदा सियासी हालात और आगामी विधानसभा चुनावों पर केंद्रित रही।