सरकार कानून बनाकर बनवाए राम मंदिर:संघ प्रमुख भागवत

By Tatkaal Khabar / 18-10-2018 12:37:21 pm | 8851 Views | 0 Comments
#

संघ प्रमुख मोहन भागवत ने एक बार फिर से राम मंदिर बनाए जाने की खुलकर पैरवी की है। भागवत ने कहा है कि सरकार को चाहिए कि वह एक कानून लाकर राम मंदिर का निर्माण सुनिश्चित करे। भागवत ने कहा कि जल्द से जल्द राम मंदिर बनना चाहिए।  संघ प्रमुख बोले- स्व गौरव की दृष्टि से यह आवश्यक है और मंदिर बनने से देश में सद्भावना व एकात्मता का वातावरण बनेगा।दरअसल, राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) आज नागपुर में विजयदशमी पर्व मना रहा है। इस मौके पर संघ प्रमुख मोहन भागवत ने पहले शस्त्र पूजा की और फिर लोगों को संबोधित किया।

अपने संबोधन में भागवत ने महात्मा गांधी और गुरु नानक का जिक्र करते हुए भारतीय सेना को मजबूत बनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि समाज में सब त्रुटियों को दूर कर उसके शिकार हुए समाज के अपने बंधुओं को स्नेह व सम्मान से गले लगाकर समाज में सद्भावपूर्ण व आत्मीय व्यवहार का प्रचलन बढ़ाना पड़ेगा।

मोहन भागवत ने अनुसूचित जाति-अनुसूचित जनजाति वर्ग से संबंध रखने वाले वंचित समूह और प्रताड़ित लोगों को मजबूत करने की बात कही। उन्होंने अर्बन नक्सल की अवधारणा का जिक्र करते हुए कहा कि देश में चले छोटे आंदोलनों में भारत तेरे टुकड़े होंगे कहने वाले भी दिखाई दिए।