दंतेवाड़ा में पुलिस की मुठभेड़ में छह नक्सली ढेर, दो पुलिस कर्मी हुए घायल ..

By Tatkaal Khabar / 18-03-2017 03:40:39 am | 11371 Views | 0 Comments
#

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में नक्सल प्रभावित क्षेत्र में पुलिस ने मुठभेड़ में एक महिला नक्सली समेत छह नक्सलियों को मार गिराया है। इस घटना में दो पुलिस अधिकारी भी घायल हुए हैं। बस्तर क्षेत्र के पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दंतेवाड़ा जिले के अरनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत बुरगुम गांव के जंगल में पुलिस दल ने मुठभेड़ में नक्सलियों को मार गिराया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अरनपुर थाना क्षेत्र में नक्सली गतिविधि की सूचना के बाद क्षेत्र में पुलिस दल को गश्त के लिए रवाना किया गया था। दल जब बुरगुम गांव के जंगल में पहुंचा तब नक्सलियों ने पुलिस दल पर गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस दल ने भी जवाबी कार्रवाई की। कुछ देर तक दोनों ओर से गोलीबारी के बाद नक्सली वहां से फरार हो गए। अधिकारियों ने बताया कि बाद में जब पुलिस दल ने क्षेत्र में तलाशी ली तब वहां एक महिला नक्सली समेत कई नक्सलियों का शव, एक एके 47 रायफल समेत कुछ हथियार और अन्य सामान बरामद किया गया। मुठभेड़ में मारी गई महिला नक्सली की पहचान मलांगिर एरिया कमेटी की सचिव और दरभा डिविजनल कमेटी की सदस्य पल्ले के रूप में हुई है। वहीं अन्य नक्सली भी मलांगिर एरिया कमेटी से संबंधित हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में दो पुलिस उप निरीक्षक भी घायल हुए हैं, जिन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।