कांग्रेस की करप्शन से मजबूत साठगांठ:PM मोदी

By Amitabh Trivedi / 30-03-2019 10:14:43 am | 11746 Views | 0 Comments
#

अरुणाचल प्रदेश। लोकसभा चुनावों के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज अरुणाचल के आलो में चुनावी सभा को संबोधित किया। आलो में रैली को संबोधित करते हुए पीएम ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की हमेशा करप्शन से मजबूत साठगांठ रही है। यह सबको बांधने वाला फेविकॉल करप्शन है।

उनके नेता गरीबों की थाली चुराते हैं, उनके दिल्ली में बैठे नेता इनकम टैक्स चुराते हैं। अखबार चलाने के लिए दी गई जमीन से लाखों रुपये किराया कमाता है। रक्षा सौदों में दलाली खाता है। खुद वो जमानत पर हैं, जो बेल पर हैं, वो चौकीदार को गाली दे रहे हैं।' 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि जब हमारे वैज्ञानिक दुनिया को हैरान कर देते हैं, तब भी ये मजाक बनाने का रास्ता खोज लेते हैं। जिस बात पर देश गर्व करता है, उसी बात पर इनलोगों को दुख होता है। 'न ये देश के जवान की चिंता करते हैं और न ही नौजवान की...भारत जब भी बड़ी सफलता हासिल करता है तो नामदारों और उनके दरबारियों के चेहरे लटक जाते हैं। बस रोना बाकी रह जाता है। सर्जिकल स्ट्राइक के समय ये आपने खुद देखा है, जब भारत ने आतंकियों को घर में घुसकर मारा तो इनका क्या रवैया रहा है।