विपक्षी दलों ने की मांग- पहले वीवीपैट का मिलान होने के बाद फिर शुरू हो मतगणना

By Tatkaal Khabar / 21-05-2019 02:58:52 am | 13157 Views | 0 Comments
#

कांग्रेस के नेतृत्व में 22 विपक्षी दलों ने चुनाव आयोग से माँग की है कि लोकसभा चुनाव की मतगणना शुरू होते ही पहले वीवीपैट पर्चियों का इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के मतों के साथ मिलान किया जाये और यदि इसमें कोई गलती हो तो उस विधानसभा क्षेत्र की पूरी मतगणना वीवीपैट के आधार पर ही की जाये। 

मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा से डेढ़ घंटे की मुलाकात के बाद विपक्षी दलों के प्रतिनिधियों ने संवाददाताओं को बताया कि चुनाव आयोग ने उनकी माँगों पर खुले मन से इस विचार करने का आश्वासन दिया है और बुधवार सुबह आयोग की बैठक में इसके बारे में फैसला किया जायेगा।

उल्लेखनीय है कि उच्चतम न्यायालय के आदेश के अनुसार, हर विधानसभा क्षेत्र की पाँच वीवीपैट मशीनों की पर्चियों का ईवीएम मशीनों से मिलान किया जाना है। आयोग ने कहा था कि ईवीएम के मतों की गिनती के बाद वीवीपैट की पर्चियों की गिनती होगी।