जम्‍मू-कश्‍मीर: पत्‍थरबाजों के लिए घाटी में हर रास्‍ता होगा बंद

By Amitabh Trivedi / 04-06-2019 02:05:40 am | 13548 Views | 0 Comments
#

नई दिल्‍ली: जम्‍मू और कश्‍मीर में आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन के दौरान होने वाली पत्‍थरबाजी सुरक्षाबलों के लिए बड़ी चुनौती बन चुकी है. बीते दिनों दो से तीन ऐसे वाकिए हुए हैं, जिसमें पत्‍थरबाजी का फायदा उठाकर आतंकी मौके से भागने में सफल रहे. इन घटनाओं के बाद सुरक्षाबलों ने एक बार फिर पत्‍थरबाजों के खिलाफ सख्‍त कार्रवाई का फैसला किया है. फैसले के तहत, सुरक्षाबलों पर पत्‍थर बरसाने वाले पत्‍थरबाजों के खिलाफ जल्‍द एक विशेष अभियान की शुरूआत की जाएगी. इस अभियान को प्रभावी बनाने के लिए केंद्रीय रिजर्व पुलिस फोर्स (सीआरपीएफ) और जम्‍मू-कश्‍मीर पुलिस की स्‍पेशल ऑपरेशन स्‍क्‍वायड के कमांडो वाली ज्‍वाइंट टीम का गठन कर दिया गया है.  

जम्‍मू और कश्‍मीर की कानून-व्‍यवस्‍था से जुड़े वरिष्‍ठ अधिकारी ने बताया कि इस अभियान को सफल बनाने के लिए स्‍थानीय पुलिस, सीआरपीएफ और आर्मी इंटेलीजेंस की मदद भी ली जा रही है. उन्‍होंने बताया, कि सुरक्षाबलों का यह कार्रवाई, बीते वर्षों में हुई कार्रवाई से बिल्‍कुल अलग होगी. कार्रवाई को सफल बनाने के लिए सुरक्षाबलों के ज्‍वाइंट टीम ने ऐसे अराजकतत्‍वों की पहचान करना शुरू कर दिया है, जो घाटी के नौजवानों को पत्‍थरबाजी के लिए उकसाते हैं.