IPL के भविष्य का फैसला अब होगा जून में

By Tatkaal Khabar / 29-05-2020 03:23:29 am | 23293 Views | 0 Comments
#

अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने इस साल अक्टूबर-नवम्बर में ऑस्ट्रेलिया में टी-20 विश्व कप क्रिकेट टूर्नामेंट के भविष्य का फैसला 10 जून तक टाल दिया है जिसके बाद इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 13वें संस्करण को लेकर अब कोई भी फैसला जून में ही किया जाएगा। 

विश्व कप को लेकर इस बात की भी अटकलें चल रही थीं कि कोरोना वायरस के कारण टूर्नामेंट को 2022 तक स्थगित किया जा सकता है। लेकिन आईसीसी बोर्ड की गुरुवार को टेलीकॉन्फ्रेंस के जरिये हुई बैठक में फैसला किया गया कि विश्व कप के भविष्य के बारे में 10 जून तक फैसला किया जाएगा जब बोर्ड की अगली बैठक होगी।

भारत में मीडिया में ऐसी खबरें थीं कि इस वर्ष होने टी-20 विश्व कप को वैश्विक महामारी बन चुके कोरोना वायरस के कारण वर्ष 2022 तक स्थगित किया जा सकता है। लेकिन अब यह जून में तय होगा कि विश्व कप का आयोजन होगा या इसे स्थगित किया जाएगा। आईपीएल का भविष्य विश्व कप के भविष्य के साथ जुड़ा हुआ है और जून में विश्व कप को लेकर जो भी फैसला लिया जाएगा वह आईपीएल के भविष्य को तय करेगा। 

विश्व कप ऑस्ट्रेलिया में 18 अक्टूबर से 15 नवम्बर तक खेला जाना है। इस बात की भी अटकलें हैं कि यदि ऑस्ट्रेलिया में विश्व कप स्थगित होता है तो उस समय आईपीएल के 13वें संस्करण को आयोजित करने का रास्ता खुल सकता है।