समुद्र के अंदर गायब हुई इंडोनेशियाई पनडुब्बी, अब भारतीय नौसेना ने उठाया खोजने का जिम्मा

By Tatkaal Khabar / 22-04-2021 02:01:42 am | 18257 Views | 0 Comments
#

इंडोनेशिया में बुधवार को एक पनडुब्बी हादसे का शिकार हो गई। इसमें 53 लोग सवार बताए जा रहे हैं। हालांकि इंडोनेशिया की नौसेना पनडुब्बी को लापता मानकर उसकी तलाश कर रही है, लेकिन उसके पास ऐसा कोई जहाज नहीं है, जो समुद्र के अंदर लापता पनडुब्बी को खोज निकाले। जिस वजह से वहां की सरकार ने कई देशों से मदद मांगी थी। जिस पर भारतीय नौसेना ने मदद के लिए हाथ बढ़ाया है।इंडोनेशियाई मीडिया के मुताबिक पनडुब्बी केआरआई नानग्गला 402 बुधवार को एक प्रशिक्षण अभियान में हिस्सा ले रही थी। इस दौरान उसने बाली के उत्तर में करीब 95 किलोमीटर दूर पानी में गोता लगाने की इजाजत मांगी, जिसे सैन्य अधिकारियों ने दे दी। इसके कुछ देर बाद पनडुब्बी का संपर्क बेस से पूरी तरह से टूट गया। बाद में वहां पर हेलीकॉप्टर्स भेजे गए, जिन्हें उस इलाके में तेल बिखरा हुआ मिला, जहां से पनडुब्बी ने गोता लगाना शुरू किया था। नौसेना का मानना है कि पनडुब्बी समुद्र तल में 700 मीटर की गहराई में डूब गई है, लेकिन कोई इसकी पुष्टि करने को तैयार नहीं है।