CM योगी के नेतृत्व में यूपी में एग्रेसिव टेस्ट, ट्रैक और ट्रीट की नीति पर हो रहा काम, मिल रहे अच्छे परिणाम

By Tatkaal Khabar / 11-05-2021 01:37:25 am | 12346 Views | 0 Comments
#

लखनऊ। अपर मुख्य सचिव ‘सूचना’ नवनीत सहगल ने बताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में एग्रेसिव टेस्ट, ट्रैक और ट्रीट की नीति पर कार्य करने से कोविड संक्रमण के नियंत्रण में अच्छे परिणाम मिल रहे है। उन्होंने बताया कि 01 मई, 2021 को प्रदेश में कुल एक्टिव केसों की संख्या 3,01,833 थी, जो लगभग 77,000 घटकर आज 2,25,271 हो गयी है। इसी तरह प्रदेश में नये मामलों की संख्या 01 मई, 2021 के 30,317 से घटकर आज 21,331 हो गयी है। प्रदेश में 01 मई को 2 लाख 79 हजार लोग होमआइसोलेशन में थे जिनकी संख्या घटकर 1 लाख 66 हजार हो गयी है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में कोविड-19 के प्रतिदिन 2 लाख से अधिक टेस्ट किये जा रहे है। सहगल ने बताया कि सर्विलान्स के माध्यम से घर घर जा कर लोगों से कोविड के लक्षणों की जानकारी ली जा रही है। सर्विलान्स के माध्यम से प्रदेश में अब तक 16.66 करोड़ से अधिक लोगों तक पहुंच कर उनका हाल-चाल जाना गया है। उन्होंने बताया कि सर्विलान्स के साथ-साथ 97 हजार राजस्व गाँवों में लोगों से सम्पर्क करते हुए कोविड लक्षणयुक्त लोगों की पहचान कर उनका कोविड टेस्ट तथा उन्हें मेडिकल किट प्रदान की जा रही है। गाँव में निगरानी समिति के द्वारा गाँव में रहने वाले लोगों से सम्पर्क कर कोविड लक्षणों की जानकारी ली जा रही है। कोविड लक्षण मिलने वाले लोगों की आरआरटी टीम द्वारा एन्टीजन कोविड टेस्ट किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि गाँव में संक्रमणयुक्त लोगों को होमआइसोलेशन में रखने के लिए गाँव में ही पंचायत भवन/स्कूल/सरकारी इमारतों में आइसोलेट करके उनका उपचार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 18 से 44 वर्ष के आयु के लोगों के साथ-साथ 45 वर्ष से अधिक लोगों का कोविड वैक्सीनेशन किया जा रहा है। जिसके तहत अब तक 1 करोड़ से अधिक डोज लगाए जा चुके हैं। 18 से 44 वर्ष के आयु के लोगों के वैक्सीनेशन 7 जनपदों से बढ़ाकर अब 18 जनपदों में किया जा रहा है।