प्रधानमंत्री ने पूरे देश के किसानों के लिए समर्थन मूल्य में काफी वृद्धि की
लखनऊ: 15 जुलाई, 2018
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज जनपद गोरखपुर के नवसृजित ब्लाॅक भरोहिया के कार्यालय भवन का शिलान्यास एवं भूमि पूजन किया। भरोहिया ब्लाॅक में कुल 48 ग्राम पंचायतें हैं, जिसमें कैम्पियरगंज की 9 ग्राम पंचायत तथा जंगल कौड़िया की 39 ग्राम पंचायत शामिल हंै, जिसकी कुल आबादी लगभग डेढ़ लाख है। उन्होंने कहा कि किसान खेतों में फसलों के अवशेष जलाते हैं, जिससे खेतों की उर्वरा शक्ति कमजोर होती है। किसान पुआल न जलायें, उन्हें इसका मूल्य भी मिले। इस उद्देश्य से धुरियापार चीनी मिल के पास 1200 करोड़ रुपए की लागत से एथेनाॅल प्लान्ट लगाया जायेगा, जिससे हजारों लोगों को रोजगार मिलेगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित करते हुए कहा कि पहले पीपीगंज को विकास खण्ड बनाया गया था, परन्तु क्षेत्र के विकास एवं गांवों की दूरियों को ध्यान में रखकर भरोहिया ब्लाॅक को स्थापित किया गया है। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा गांव के विकास हेतु धनराशि सीधे ग्राम पंचायतों में भेजी जाती है, लेकिन गांवों के विकास हेतु सजगता एवं उत्सुकता को और तेज करने की आवश्यकता है ताकि विकास की गति को और तेजी से बढ़ाया जा सके।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि ग्राम्य विकास विभाग द्वारा 8 लाख 85 हजार आवास बनाकर कीर्तिमान स्थापित किया गया है। इस सत्र में 2 लाख आवास और बनाने की कार्ययोजना है। उन्होंने कहा कि मनरेगा के तहत तालाबों का सुन्दरीकरण, वृक्षारोपण, गौशाला निर्माण आदि कार्यों में इस धनराशि का उपयोग किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि कृषि कार्य में भी मनरेगा को जोड़ने का मंथन हो रहा है, ताकि किसानों की आय दोगुना करने का सपना साकार होता दिखाई दे।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने पूरे देश के किसानों के लिए समर्थन मूल्य में काफी वृद्धि की है, जिसके तहत धान का समर्थन मूल्य 1750 रुपए प्रति कुन्तल किया गया है। उन्होंने बताया कि किसान को एक कुन्तल धान पैदा करने में 1100 रुपए लागत आती है और जब उसको उसके उत्पादन की लागत 1750 रुपए मिलेंगे तो निश्चित रूप से उसका उत्साह बढ़ेगा। प्रधानमंत्री जी ने न्यूनतम समर्थन मूल्य में काफी बढ़ोत्तरी की है ताकि किसानों का उत्थान हो सके।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि सरकार शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन हेतु जो धनराशि अवमुक्त करती है, उसका सदुपयोग समय से एवं गुणवत्तायुक्त तथा पारदर्शिता के साथ किया जाये तथा गांव को स्वच्छ एवं सुन्दर बनाने की दिशा में कार्य करें। उन्होंने कहा कि जिस तरह आप अपने घरों की सफाई करते हंै, उसी भावना से गांव, नगर की सफाई पर ध्यान दें तथा इसके प्रति लोगों को जागरूक करें, क्योंकि इंसेफेलाइटिस बीमारी का प्रमुख कारण गंदगी है। उन्होंने जनमानस से आह्वान किया कि वे स्वच्छता के प्रति जागरूक हों और गांव/नगर को स्वच्छ बनायें।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि 15 अगस्त को व्यापक रूप से पूरे प्रदेश मे वृक्षारोपण कार्यक्रम चलाया जायेगा। उन्होंने अधिकाधिक वृक्षारोपण पर बल देते हुए कहा कि वृक्षारोपण के साथ-साथ उसकी सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखा जाये ताकि पर्यावरण की सुरक्षा हो सके। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर पीपल, पाकड़, बीजू तथा आम आदि का पौधा लगायें। उन्होंने कहा कि कल प्रधानमंत्री जी द्वारा आजमगढ़ में पूर्वान्चल एक्सप्रेस-वे का शिलान्यास किया गया। इससे विकास को काफी गति मिलेगी तथा गोरखपुर दक्षिणान्चल क्षेत्र को फोरलेन के द्वारा एक्सप्रेस-वे से जोड़ा जायेगा और इससे औद्योगीकरण को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि एम्स, फर्टीलाइजर तथा गोरखपुर-सोनौली मार्ग के चैड़ीकरण का कार्य काफी तेजी से किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि पुलिस के 42 हजार जवान भर्ती किये गये हंै, भर्ती पूरी पारदर्शिता के साथ की गयी है। इसके अतिरिक्त 50 हजार जवानों की नई भर्ती भी निकलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार को समाप्त करने हेतु कृत संकल्पित है। टाउन एरिया का विस्तारीकरण हो, इसके लिए कार्ययोजना के अनुरूप कार्य किया जायेगा। जनता को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि विकास का कोई विकल्प नहीं होता है, लेकिन इस कार्य में सभी को जुड़ना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि कूड़ा सड़कों व नालियों पर न फेंका जाये, बल्कि उसे उचित स्थान पर रखंे तथा स्वच्छता के प्रति लोगों में जागरूकता लायें।
इस अवसर पर ग्राम्य विकास राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डाॅ0 महेन्द्र सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास के प्रति कृत संकल्पित है और इस दिशा में निरन्तर अग्रसर है। उसी परिप्रेक्ष्य में आज जनपद के 20वें ब्लाॅक के रूप में भरोहिया विकास खण्ड का शिलान्यास किया गया है, जिससे जनता को काफी सहूलियत मिलेगी, क्योंकि विकास के लिए ब्लाॅक का होना आवश्यक है। आभार ज्ञापन आयुक्त ग्राम्य विकास एन.पी. सिंह ने किया।
इस अवसर पर शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधिगण व अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद थे।