राज्यपाल ने राजीव कुमार को रेरा अध्यक्ष पद की शपथ ग्रहण करायी

By Tatkaal Khabar / 09-08-2018 02:44:40 am | 10146 Views | 0 Comments
#

    लखनऊः 9 अगस्त, 2018  
उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक ने आज राजभवन में आयोजित सादे समारोह में  राजीव कुमार पूर्व मुख्य सचिव उत्तर प्रदेश को उत्तर प्रदेश भू-सम्पदा विनियामक प्राधिकरण (रेरा) के अध्यक्ष पद की शपथ ग्रहण करायी। रेरा का अध्यक्ष पद मुख्य सचिव पद के समकक्ष है।
राज्यपाल ने श्री बलविन्दर कुमार अवकाश प्राप्त प्रशासनिक अधिकारी, श्रीमती कल्पना मिश्रा सेवानिवृत्त न्यायिक अधिकारी, श्री भानु प्रताप सिंह अवकाश प्राप्त आई0पी0एस0 अधिकारी को भी रेरा के सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण करायी। 
श्री राजीव कुमार उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव के पद से 30 जून 2018 को सेवानिवृत्त हुए हैं। उन्हें राज्य सरकार सहित भारत सरकार के विभिन्न विभागों में कार्य करने का लम्बा प्रशासनिक अनुभव रहा है। श्री बलविन्दर कुमार उत्तर प्रदेश संवर्ग के प्रशासनिक अधिकारी रहे हैं जो 28 फरवरी 2017 को सेवानिवृत्त हुए हंै। श्री बलविन्दर कुमार को राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में कार्य करने का अनुभव है तथा भारत सरकार में सचिव पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। श्री भानु प्रताप सिंह भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी रहे हैं जो 30 जून 2017 को डायरेक्टर विजिलेंस उत्तर प्रदेश के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। श्रीमती कल्पना मिश्रा न्यायिक सेवा की अधिकारी रही हैं तथा जिला जज पद से 31 जनवरी 2018 को सेवानिवृत्त हुई हैं।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री डाॅ0 दिनेश शर्मा, राज्यमंत्री आवास एवं शहरी नियोजन  सुरेश पासी, मुख्य सचिव डाॅ0 अनूप चन्द्र पाण्डेय, पुलिस महानिदेशक  ओ0पी0 सिंह, राज्यपाल के प्रमुख सचिव श्री हेमन्त राव, प्रमुख सचिव गृह अरविन्द्र कुमार, प्रमुख सचिव आवास  नितिन रमेश गोकर्ण, रेरा के सचिव  अबरार अहमद, राज्यपाल के विशेष सचिव डाॅ0 अशोक चन्द्र, विशेष सचिव आवास  राजेश पाण्डेय सहित अन्य विशिष्टजन भी उपस्थित थे।
कार्यक्रम का संचालन प्रमुख सचिव आवास  नितिन रमेश गोकर्ण ने किया।