मन की बात रेडियो कार्यक्रम के 132वें एपिसोड में बोले पीएम मोदी-‘अफवाह फैलाने वाले कर रहे देश का नुकसान’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार (29 मार्च, 2026) को मन की बात रेडियो कार्यक्रम के 132वें एपिसोड के जरिए देश को संबोधित किया. इस दौरान पीएम मोदी ने सबसे पहले मध्य पूर्व में चल रही जंग का जिक्र किया. पीएम मोदी ने कहा कि, मार्च का ये महीना वैश्विक स्तर पर बहुत ही हलचल भरा रहा है. हम सबको याद है कि पूरा विश्व भूतकाल में कोविड के कारण एक लंबे समय तक अनेक समस्याओं से गुजरा था. हम सभी की अपेक्षा थी कि कोरोना के संकट से निकलने के बाद दुनिया नए सिरे से प्रगति की राह पर आगे बढ़ेगी.
हमारे पड़ोस में चल रहा भीषण युद्ध- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि लेकिन दुनिया क्षेत्रों में लगातार युद्ध और संघर्ष की परिस्थितियां बनती चली गईं. वर्तमान में हमारे पड़ोस में एक माह से भीषण युद्ध चल रहा है. हमारे लाखों परिवारों के सगे संबंधी इन देशों में रहते हैं खासकर खाड़ी देशों में काम करते हैं मैं खाड़ी देशों का बहुत आभारी हूं कि वे ऐसे एक करोड़ से ज्यादा भारतीयों को वहां पर हर प्रकार की मदद दे रहे हैं.
‘पेट्रोल-डीजल को लेकर संकट की स्थिति’
पीएम ने कहा कि, जिस क्षेत्र में युद्ध चल रहा है वह क्षेत्र हमारी ऊर्जा आवश्यकर्ताओं का केंद्र है. इसकी वजह से दुनियाभर में पेट्रोल और डीजल को लेकर संकट की स्थित बनती जा रही है. हमारे वैश्विक संबंध अलग-अलग देशों से मिल रहा सहयोग और पिछले एक दशक में देश का जो सामर्थ्य बना है इनकी वजह से भारत इन परिस्थितियों का डटकर मुकाबला कर रहा है. पीएम मोदी ने कहा कि निश्चिततौर पर ये चुनौतीपूर्ण समय है मैं आज मन की बात के माध्यम से सभी देशवासियों से आग्रह करूंगा कि हमें एकजुट होकर इस चुनौती से बाहर निकलना है. जो लोग इस विषय पर भी राजनीति कर रहे हैं उन्हें राजनीति नहीं करनी चाहिए.
‘अफवाह फैलाने वाले कर रहे देश का नुकसान’
यह देश के 140 करोड़ देशवासियों के हित से जुड़ा विषय है. इसमें स्वार्थ्य भरी राजनीति का कोई स्थान नहीं. ऐसे में जो भी लोग अफवाह फैला रहे हैं वे देश का बहुत बड़ा नुकसान कर रहे हैं. पीएम मोदी ने कहा कि मैं सभी देशवासियों से अपील करूंगा कि वे जागरुक रहें. अफवाहों के बहकावे में ना आए. सरकार की ओर से लगातार जो जानकारी दी जा रही है उसपर भरोसा करें और उसी पर विश्वास कर कोई कदम उठाएं. पीएम मोदी ने कहा कि, मुझे हर बार की तरह इस बार भी विश्वास है कि जैसे हमने देश के 140 करोड़ देशवासियों के सामर्थ्य से पुराने संकटों को हराया था. इस बार भी हम सब मिलकर इस कठिन हालात से बहुत ही अच्छी तरह बाहर निकल जाएंगे. भारत की ताकत यहां के कोटि-कोटि लोगों में निहित है.