Sitapur Murder Case: खुला हत्याकांड का पूरा राज! रेउसा पुलिस की कार्रवाई ने ऐसे सुलझाई खूनी खेल की गुत्थी

By Tatkaal Khabar / 02-04-2026 04:11:36 am | 72 Views | 0 Comments
#

Sitapur Murder Case: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के रेउसा थाना क्षेत्र के खरहुआ गांव में मंगलवार की रात एक युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। हालांकि, रेउसा पुलिस ने तेजी दिखाते हुए महज 24 घंटे के अंदर इस हत्याकांड का खुलासा कर दिया।

Sitapur Murder Case: क्या है पूरा मामला?
मृतक की पहचान हसीन (लगभग 20 वर्ष), पुत्र बसीर के रूप में हुई है। मंगलवार की रात हसीन खाना खाकर अपने कमरे में सोने चला गया था। उसी घर में उसकी मां, भाभी और अन्य परिजन भी अलग-अलग कमरों में सो रहे थे, जबकि उसके पिता घर के बाहर लेटे हुए थे। देर रात जब पिता कमरे में पंखा लेने पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि हसीन खून से लथपथ जमीन पर पड़ा हुआ है। यह देखकर वह घबरा गए और जोर-जोर से रोने लगे।

परिवार और गांव में मचा हड़कंप
पिता के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। घटना की सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष हनुमंत लाल तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया और जांच शुरू कर दी।

पहले अज्ञात था मामला
शुरुआत में यह मामला अज्ञात लोगों द्वारा घर में घुसकर की गई हत्या का लग रहा था। घर के अंदर वारदात होने के बावजूद किसी को इसकी भनक नहीं लगी, जिससे मामला और भी पेचीदा हो गया। पुलिस ने हर एंगल से जांच शुरू की।

प्रेम प्रसंग से जुड़ा निकला मामला
जांच के दौरान पुलिस को प्रेम प्रसंग का शक हुआ। इसके बाद मृतक की भाभी रेशमा से कड़ाई से पूछताछ की गई। पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। रेशमा ने बताया कि उसका अपने चचेरे देवर रोज अली के साथ पिछले पांच वर्षों से प्रेम संबंध था।

हत्या की वजह
मृतक हसीन को इस रिश्ते की जानकारी हो गई थी और उसने दोनों को इस संबंध को खत्म करने की सलाह दी थी। इससे दोनों नाराज थे और उन्हें बदनामी का डर भी सताने लगा था। इसी कारण रेशमा और उसके प्रेमी रोज अली ने मिलकर हसीन को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

गिरफ्तारी और आगे की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों ने मिलकर धारदार हथियार से हसीन की हत्या कर दी। इस खुलासे के बाद पुलिस ने रोज अली (पुत्र हबीब) को शेखन पुरवा के पास से गिरफ्तार किया। वहीं, रेशमा (पत्नी अनीश) को भी हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।