IPL 2026: आज गुजरात का मुकाबला मुंबई से, हेड टू हेड रिकॉर्ड के साथ जानें किसका पलड़ा भारी ?
GT vs MI Today Match: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 30वें मैच में आज 20 (अप्रैल) को पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस (MI) का मुकाबला 2022 की विजेता गुजरात टाइटन्स (GT) से होगा. ये मैच भारतीय समय के अनुसार शाम 7:30 बजे अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शुरू होगा.
अंक तालिका में दोनों टीमों के बीच बड़ा लंबा फासला है. जहां गुजरात 5 मैच में से तीन मैच जीतकर छठे स्थान पर है तो वहीं मुंबई उतने ही मैच में एक जीत और चार हार के साथ सबसे नीचे 10वें स्थान पर है. मुंबई लगातार चार मैच हारकर इस मैच में उतर रही है, जबकि गुजरात लगातार तीन मैच जीतकर इस मैच में उतर रही है.
गुजरात टाइटंस की बल्लेबाजी और गेंदबाजी यूनिट शानदार खेल का प्रदर्शन कर रही है. गेंदबाजी में प्रसिद्ध कृष्णा एक बार फिर सबसे ज्यादा विकेट लेने वालों की सूची में शामिल हैं, जबकि राशिद खान ने बीच के ओवरों में शानदार प्रदर्शन किया है. वहीं सिराज और रबाडा भी अच्छी लय में दिख रहे हैं.
जबकि बल्लेबाजी में कप्तान शुभमन गिल लगातार बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं. उन्होंने अपनी तीनों जीतों में से हर एक में अर्धशतक बनाया है. जोस बटलर भी जबरदस्त लय में दिखे हैं, उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ शानदार पारियां खेली हैं.
वहीं दूसरी तरफ मुंबई इंडियंस लय हासिल करने के लिए संघर्ष कर रही है. शुरुआती मैच हारने का अपना पुराना सिलसिला तोड़ने के बाद, वे लगातार चार हार के साथ टूर्नामेंट में एक बार फिर संघर्ष करते हुए नजर आ रहे हैं. जसप्रीत बुमराह, भले ही किफायती रहे हों, लेकिन पांच मैचों में अभी तक एक भी विकेट नहीं ले पाए हैं, और पूरी गेंदबाजी यूनिट नियमित अंतराल पर विकेट लेने और रनों के प्रवाह को रोकने में नाकाम रही है.