दहेज की लालच में बुझ गई दीपिका की जिंदगी
नई दिल्ली, 18 मई 2026 ग्रेटर नोएडा में दीपिका नागर की संदिग्ध मौत ने दहेज प्रथा को लेकर फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। परिजनों का आरोप है कि शादी में करोड़ों रुपये खर्च करने और भारी मात्रा में सोना देने के बावजूद ससुराल पक्ष लगातार नई मांगें कर रहा था। परिवार के मुताबिक, शादी के बाद से ही दीपिका को मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जा रहा था। परिवार का कहना है कि ससुराल वाले फॉर्च्यूनर कार और 50 लाख रुपये नकद की मांग कर रहे थे। दीपिका कई बार अपने घरवालों को प्रताड़ना की जानकारी दे चुकी थी। घटना वाले दिन भी दोनों परिवारों के बीच बातचीत चल रही थी, लेकिन कुछ देर बाद अचानक दीपिका के नीचे गिरने की खबर मिली। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दीपिका के परिजनों ने आरोप लगाया कि उसकी हत्या के बाद शव को छत से नीचे फेंका गया। परिवार के मुताबिक, शरीर पर कई चोटों के निशान थे, जिससे मामला और ज्यादा संदिग्ध हो गया। घटना के बाद ससुराल पक्ष के कुछ लोग मौके से गायब बताए जा रहे हैं, जिसके बाद पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल बन गया। पुलिस ने परिवार की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पति और ससुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। यह मामला एक बार फिर दिखाता है कि दहेज की लालच आज भी कई परिवारों की खुशियां छीन रही है।