₹25 लाख मिलते ही पत्नी-बच्चे को छोड़ प्रेमिका संग फरार हुआ युवक!

By Tatkaal Khabar / 21-05-2026 04:23:58 am | 68 Views | 0 Comments
#

लखनऊ, 21 मई 2026 उत्तर प्रदेश के झांसी से सामने आया एक पारिवारिक विवाद इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। जमीन अधिग्रहण के बदले मिले मुआवजे के बाद एक युवक पर अपनी पत्नी और 6 साल के बेटे को छोड़कर प्रेमिका संग फरार होने का आरोप लगा है। घटना ने परिवार और रिश्तों पर अचानक आई बड़ी रकम के असर को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। शिकायत के अनुसार, बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण द्वारा परिवार की करीब पांच एकड़ जमीन अधिग्रहित की गई थी, जिसके बदले परिवार को लगभग 1 करोड़ रुपये मिले। बताया गया कि यह रकम तीन बेटों में बांटी गई, जिसमें निलेश परिहार के हिस्से में करीब ₹25 लाख आए थे। निलेश की पत्नी रुचि परिहार का आरोप है कि पैसे मिलने के बाद उसके पति का व्यवहार पूरी तरह बदल गया। उन्होंने दावा किया कि गांव की ही एक महिला से नजदीकियां बढ़ने के बाद निलेश घर छोड़कर चला गया और पत्नी-बच्चे की जिम्मेदारी भी नहीं निभाई। इंसाफ की गुहार लगाते हुए रुचि ने कहा, “हमारे 6 साल के बेटे का क्या होगा?” फिलहाल रुचि अपने मायके में रह रही हैं और उन्होंने पुलिस से पति को खोजने तथा बेटे के भविष्य को सुरक्षित करने की मांग की है। पुलिस ने मामले में शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और युवक के साथ गई महिला की तलाश भी की जा रही है।