आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया, पहले सेमीफाइनल में वेस्टइंडीज को दी मात

By Tatkaal Khabar / 01-07-2026 09:45:00 am | 68 Views | 0 Comments
#

ऑस्ट्रेलिया की टीम ने आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है. लंदन के द ओवल मैदान पर खेले गए पहले सेमीफाइनल मैच में ऑस्ट्रेलिया ने वेस्टइंडीज को 8 विकेट से हरा दिया है. इसी के साथ ऑस्ट्रेलिया फाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है. पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज की टीम सिर्फ 125 रन ही बना सकी थी. जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने 13वें ओवर में 2 विकेट गंवाकर लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया. बेथ मूनी ने सबसे ज्यादा नाबाद 61 रनों की मैच विनिंग पारी खेली, वहीं एशले गार्डनर ने नाबाद 35 रनों का योगदान दिया.

वेस्टइंडीज के दिए 126 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की पारी का आगाज जॉर्जिया वॉल और बेथ मूनी ने किया. दोनों ओपनर्स ने टीम को तेज शुरुआत दिलाई, लेकिन फिर चिनेल हेनरी ने जॉर्जिया वॉल को पवेलियन का रास्ता दिखाया. जॉर्जिया वॉल 11 गेंदों में 16 रन बनाकर आउट हुईं. पहले विकेट के लिए दोनों ओपनर्स के बीच 3 ओवर में 29 रनों की साझेदारी हुई.

इसके बाद फीबी लिचफील्ड के रूप में ऑस्ट्रेलिया को दूसरा झटका लगा. फीबी लिचफील्ड को वेस्टइंडीज की कप्तान हेली मैथ्यूज ने चलता किया. लिचफील्ड 5 गेंदों पर 4 रन बनाकर आउट हुईं. इसके बाद एलिसा पेरी 2 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हो गईं. वहीं बेथ मूनी ने शानदार अर्धशतक लगाया और एशले गार्डनर के साथ साझेदारी कर ऑस्ट्रेलिया को शानदार जीत दिलाई और फाइनल में पहुंचाया. बेथ मूनी ने 36 गेंदों पर नाबाद 61 रनों की पारी खेली, जिसमें 8 चौके शामिल रहे. वहीं एशले गार्डनर 20 गेंदों पर नाबाद 35 रन बनाकर नाबाद रहीं. इस दौरान उनके बल्ले से 4 चौके और 1 छक्का निकला. एशले गार्डनर को उनके ऑलराउंडर प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड दिया गया.

आस्ट्रेलिया के खिलाफ इस सेमीफाइनल मैच में वेस्टइंडीज ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अपने 20 ओवरों में 7 विकेट पर 125 रन ही बना सकी थी. वेस्टइंडीज के लिए कप्तान हेली मैथ्यूज ने सबसे ज्यादा 28 गेंदों पर 5 चौकों की मदद से 30 रन बनाए. आखिरी में डींड्रा डॉटिन ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 16 गेंदों पर 4 चौकों की मदद से नाबाद 26 रन बनाए. इसके अलावा शेमाइन कैंपबेल (22), कियाना जोसेफ (16), चिनेल हेनरी (10) और जानिलिया ग्लासगो (15 रन) रनों का योगदान दिया. ऑस्ट्रेलिया के लिए सोफी मोलिनक्स, एशले गार्डनर और जॉर्जिया वेयरहम ने 2-2 विकेट चटकाए. जबकि एनाबेल सदरलैंड को एक सफलता मिली.

ऑस्ट्रेलिया की टीम अब 5 जुलाई को ऐतिहासिक मैदान लॉर्ड्स में आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मैच खेलने उतरेगी. हालांकि, फाइनल में उसका सामना किससे होगा यह अभी तय नहीं है. दूसरे सेमीफाइनल के बाद फाइनल में जाने वाली दूसरी टीम भी मिल जाएगी. साउथ अफ्रीका और इंग्लैंड के बीच 2 जुलाई को दूसरा सेमीफाइनल मैच खेला जाएगा. इसमें जो टीम जीतेगी, वह फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से भिड़ेगी. बता दें कि इस टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया एक भी मैच नहीं हारी है. उसने लगातार अपना छठा मैच जीता है.