शीतल देवी का ‘परफेक्ट 10’, भारत ने जीते 6 मेडल

By Tatkaal Khabar / 10-09-2026 06:40:53 am | 55 Views | 0 Comments
#

नई दिल्ली, 10 सितंबर 2026 वर्ल्ड आर्चरी पैरा सीरीज स्टेज-III के अंतिम दिन भारतीय तीरंदाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए छह पदक अपने नाम किए। भारत की झोली में दो गोल्ड और चार ब्रॉन्ज मेडल आए। मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन और वर्ल्ड नंबर-1 शीतल देवी ने सबसे रोमांचक मुकाबलों में से एक में जीत दर्ज कर पैरा कंपाउंड महिला व्यक्तिगत स्पर्धा का स्वर्ण पदक हासिल किया। शीतल देवी का मुकाबला कजाकिस्तान की आइजादा सेइदान से हुआ। दोनों खिलाड़ियों ने शुरुआती राउंड में 30-30 का परफेक्ट स्कोर बनाया और दूसरे राउंड के बाद मुकाबला 59-59 से बराबरी पर था। तीसरे राउंड में आइजादा ने 28 और शीतल ने 27 अंक जुटाए, जिससे कजाकिस्तानी तीरंदाज को एक अंक की बढ़त मिली। चौथा राउंड 29-29 से बराबर रहने के बाद शीतल एक अंक पीछे थीं। अंतिम राउंड में शीतल ने दबाव के बीच 29 अंक हासिल किए, जबकि आइजादा 28 अंक ही बना सकीं। इससे कुल स्कोर 144-144 हो गया और मुकाबला शूट-ऑफ तक पहुंच गया। निर्णायक क्षण में शीतल ने परफेक्ट 10 लगाया, जबकि आइजादा 9 अंक ही हासिल कर सकीं। इसके साथ शीतल ने रोमांचक अंदाज में गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया। इससे पहले वह टोमन कुमार के साथ कंपाउंड मिक्स्ड टीम इवेंट में ब्रॉन्ज भी जीत चुकी थीं। पैरालंपिक चैंपियन हरविंदर सिंह और भावना ने पैरा रिकर्व मिक्स्ड टीम स्पर्धा में भारत को दूसरा स्वर्ण पदक दिलाया। फाइनल में भारतीय जोड़ी ने चीन की लियांग किउरोंग और जिया लेई को 6-0 से मात दी। भारत ने पहला सेट 35-31 और दूसरा सेट 36-33 से जीता, जबकि तीसरे सेट में 34-32 की जीत के साथ मुकाबला अपने नाम कर लिया। भावना ने इसके बाद पैरा रिकर्व महिला स्पर्धा के ब्रॉन्ज मेडल प्लेऑफ में भारत की ही राजश्री राठौड़ को 6-0 से हराकर एक और पदक जीता। वहीं, सरिता ने पैरा कंपाउंड महिला व्यक्तिगत स्पर्धा में चीन की वांग हुइटिंग को 141-140 से हराकर ब्रॉन्ज हासिल किया। टोमन कुमार ने भी पैरा कंपाउंड पुरुष व्यक्तिगत स्पर्धा में इराक के अब्बास काधिम को 143-138 से मात देकर ब्रॉन्ज जीता। यह टूर्नामेंट में टोमन का दूसरा पदक रहा। इन नतीजों के साथ भारत ने प्रतियोगिता का समापन मजबूत प्रदर्शन और कुल छह पदकों के साथ किया।