पुलिस टीम को कुचलने की कोशिश, कंबलों के बीच छिपी मिली शराब की खेप

By Rupali Mukherjee Trivedi / 15-10-2026 07:17:49 am | 1 Views | 0 Comments
#

लखनऊ, 15 अक्टूबर 2026 शराब तस्करी रोकने पहुंची पुलिस टीम की जान उस समय खतरे में पड़ गई, जब शराब से लदे ट्रेलर के चालक ने पुलिस की गाड़ी पर वाहन चढ़ाने की कोशिश की। इसके बाद चालक बैरिकेडिंग तोड़कर मौके से फरार हो गया। इस घटना में तीन थाना प्रभारी समेत पुलिस टीम के अन्य सदस्य बाल-बाल बच गए। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस को ट्रेलर के जरिए शराब की तस्करी किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद तीन थाना प्रभारियों के नेतृत्व में पुलिस टीम ने वाहन को रोकने के लिए घेराबंदी की। पुलिस की बैरिकेडिंग देखकर चालक ने ट्रेलर रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी। पुलिसकर्मियों ने उसे रोकने का प्रयास किया तो चालक ने ट्रेलर पुलिस की गाड़ी पर चढ़ाने की कोशिश की। अचानक हुए इस घटनाक्रम के बीच पुलिसकर्मियों ने किसी तरह अपनी जान बचाई। पुलिस की घेराबंदी तोड़कर भागे ट्रेलर की तलाशी के दौरान कंबलों के गठ्ठरों के बीच छिपाकर रखी गई शराब बरामद हुई। तस्करों ने शराब को कंबलों के बीच छिपाया था, ताकि जांच के दौरान पुलिस की नजरों से बचा जा सके। घटना के बाद पुलिस ने ट्रेलर को कब्जे में ले लिया और शराब तस्करी से जुड़े मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस अब ट्रेलर में लदी शराब की मात्रा, उसकी आपूर्ति के स्रोत और तस्करी के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फरार चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही जांच की जा रही है कि शराब कहां से लाई जा रही थी और उसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था।