भिलाई में पिकअप से ₹4 करोड़ कैश बरामद, यूपी ले जा रहे थे नोटों की खेप

By Tatkaal Khabar / 26-10-2026 08:27:43 am | 125 Views | 0 Comments
#

लखनऊ, 26 अक्टूबर 2026 छत्तीसगढ़ के भिलाई में हवाला से जुड़ी आशंका के बीच करीब 4 करोड़ रुपये की नकदी बरामद की गई है। यह रकम भिलाई-3 चरोदा इलाके में एक पिकअप वाहन से मिली, जिसे रायपुर से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा था। दुर्ग क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। मामले की जांच अब आयकर विभाग को सौंप दी गई है। पुलिस को सूचना मिली थी कि अभनपुर से आ रही एक पिकअप गाड़ी में भारी मात्रा में नकदी रखी गई है। इसके बाद कुम्हारी टोल प्लाजा पर पुलिस टीम तैनात कर दी गई। जैसे ही संदिग्ध पिकअप वहां पहुंची और चालक ने पुलिस को देखकर वाहन नहीं रोका, टीम ने उसका पीछा शुरू कर दिया। पुलिस ने पीछा करते हुए भिलाई-3 चरोदा के पास पिकअप को रोक लिया। तलाशी के दौरान वाहन में विशेष रूप से बनाया गया चैंबर मिला, जिसमें नकदी रखी गई थी। बरामद रकम करीब 4 करोड़ रुपये बताई जा रही है। मामले में दो लोगों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आगे की कार्रवाई के लिए प्रकरण आयकर विभाग को सौंप दिया है। फिलहाल नकदी के स्रोत, इसे उत्तर प्रदेश ले जाने के उद्देश्य और इसके संभावित हवाला कनेक्शन की जांच की जा रही है। अधिकारियों की जांच पूरी होने के बाद ही रकम से जुड़े पूरे मामले और इसके पीछे की वजहों का खुलासा हो सकेगा।