बंगाल में अमित शाह का रोड शो, मोदी-शाह के बैनर-पोस्टर हटाए

By Tatkaal Khabar / 14-05-2019 12:00:12 pm | 13279 Views | 0 Comments
#

 कोलकाता में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की रैली से पहले राज्य पुलिस सभा की अनुमति के कागजात मांगने पहुंची। पेपर नहीं दे पाने पर मंच तोड़ने को कह डाला। बढ़ते विवाद के बीच भाजपा कार्यकर्ता रैली स्थल पर जमे ही थे कि इधर, सड़कों पर से पीएम मोदी और अमित शाह समेत भाजपा के कई होर्डिंग, पोस्टर और बैनर हटा दिए गए। कोलकाता पुलिस का कहना है कि चुनाव आयोग के निर्देश पर पोस्टर-बैनर हटाए गए हैं। आयोग के अधिकारियों के अनुसार, आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन हुआ है। इधर, भाजपा कार्यकर्ताओं ने ममता बनर्जी और टीएमसी पर मनमर्जी करने का आरोप लगाया है। भाजपा नेता मुकुल रॉय, बाबुल सुप्रियो और पार्टी के अन्य नेताओं ने इस कार्रवाई की भर्त्सना की है। मालूम हो कि सातवें चरण के लिए अमित शाह उत्तर कोलकाता लोकसभा सीट के भाजपा प्रत्याशी के चुनाव प्रचार के लिए रोड शो और रैली करने वाले थे। 

-भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और पश्चिम बंगाल के प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय ने टीएमसी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने एक के बाद एक ट्वीट कर ममता सरकार पर हमला बोला। उन्होंने लिखा कि ये नागवार हरकत ठीक नहीं! भाजपा अध्यक्ष अमित शाह जी की कोलकाता रैली को फेल करने के लिए ममता सरकार कोई कसर नहीं छोड़ रही!