झारखंड मॉब लिंचिंग:PM मोदी हुए दुखी ,कहा ;दोषियों को देंगे सजा

By Amitabh Trivedi / 26-06-2019 02:22:13 am | 13800 Views | 0 Comments
#

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कहा कि झारखंड में भीड़ द्वारा एक युवक की पीट-पीटकर हत्या (मॉब लिंचिंग) किए जाने की घटना से मुझे दुख हुआ है, लेकिन इसके लिए पूरे प्रदेश पर आरोप लगाना गलत है।

लगभग सप्ताह भर पहले हुए अपराध पर अपनी चुप्पी तोड़ते हुए मोदी ने राज्यसभा में झारखंड को मॉब लिंचिंग की फैक्ट्री बताने के लिए कांग्रेस की कड़ी आलोचना की और कहा कि राज्य का अपमान करने का अधिकार किसी को नहीं है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर जवाब देते हुए झारखंड में हुए मॉब लिंचिंग की घटना का भी जिक्र किया। पीएम मोदी ने कहा कि झारखंड में हुई युवक की हत्या से मुझे भी दुख पहुंचा है। उन्होंने कहा कि मॉब लिंचिंग जैसी घटनाओं पर सख्त रवैया अपनाना चाहिए। मॉब लिंचिंग की घटना पर पीएम मोदी ने कहा कि इसका दुख हम सबको है, मुझे भी है। इस तरह की हिंसा का एक ही रवैया होना चाहिए।

हिंसा की घटनाओं पर तेरा मेरा नहीं होना चाहिए। लेकिन कुछ लोग राज्य सभा में झारखंड को लिंचिंग का हब बता रहे हैं। क्या यह सही है? वो पूरे राज्य का अपमान क्यों कर रहे हैं? हमें झारखंड राज्य का अपमान करने का कोई अधिकार नहीं है। बता दें कि गुलाम नबी आजाद ने झारखंड को लिंचिंग का हब बताया था।