2019 की लोकसभा चुनाव में मिली हार की जिम्मेदारी के साथ अध्यक्ष पद से राहुल गांधी का इस्तीफा

By Tatkaal Khabar / 03-07-2019 12:14:37 pm | 12781 Views | 0 Comments
#

नई दिल्ली।लोकसभा चुनाव में मिली हार की जिम्मेदारी लेते हुए राहुल गांधी ने बुधवार को आधिकारिक रूप से कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया। राहुल ने कहा कि 2019 के लोकसभा चुनाव में पार्टी को मिली हार की वह जिम्मेदारी लेते हैं और इसलिए वह कांग्रेस अध्यक्ष पद से अपना इस्तीफा दे रहे हैं। इससे पहले राहुल ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष पद पर बने रहने की उनकी कोई चाहत नहीं है और कांग्रेस कार्यकारी समिति (सीडब्ल्यूसी) को इस पद के लिए शीघ्र ही किसी और व्यक्ति को ढूंढ लेना चाहिए। बताया जा रहा है कि नए अध्यक्ष की नियुक्ति होने तक कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मोतीलाल वोरा अध्यक्ष पद का कार्यभार देखेंगे। राहुल गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफे की बात कहने के बाद 4 पन्नों का पत्र भी ट्वीटर पर पोस्ट किया है। राहुल ने कांग्रेस के लिए काम करने को गर्व की बात बताते हुए लिखा कि 2019 में हार की जिम्मेदारी मेरी है। इसीलिए मैंने अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया है। पार्टी को खड़ा करने के लिए कड़े फैसले लेने होंने। राहुल ने अपने पत्र में लिखा कि 2019 की हार के लिए कई लोगों को जिम्मेदारी लेनी होगी। दूसरों को जिम्मेदार ठहराकर मैं खुद अपनी जिम्मेदारी की अनदेखी करूं, यह सही नहीं। इसके साथ ही राहुल ने भाजपा पर वार करते हुए लिखा कि भाजपा असमानता देखती है और मैं समानता देखता हूं। 2019 के चुनाव में कांग्रेस सिर्फ एक पार्टी से लड़ने की बजाए देश के सिस्टम और संस्थान से लड़ने की बात कही।