ब्राजील में राष्ट्रपति चुनाव का दूसरा राउंड होगा:पहले चरण में बोल्सोनारो और लूला की कड़ी टक्कर

By Tatkaal Khabar / 03-10-2022 02:46:37 am | 9759 Views | 0 Comments
#

ब्राजील में रविवार को हुए राष्ट्रपति चुनाव के पहले राउंड में वर्तमान राष्ट्रपति जेयर बोल्सोनारो और पूर्व राष्ट्रपति लूला डि सिल्वा के बीच कड़ी टक्कर हुई। रविवार को ही मतदान हुआ और इसके खत्म होने के बाद वोटों की गिनती शुरू हुई। 99.87% वोट गिने जा चुके हैं। डि सिल्वा को 48.4% जबकि बोल्सोनारो को 43.23% वोट हासिल हुए।

ब्राजील के संविधान के मुताबिक, चुनाव जीतने के लिए किसी भी कैंडिडेट को कम से कम 50% वोट हासिल करने होते हैं। ऐसा न होने पर टॉप 2 कैंडिडेट्स के बीच वोटिंग का सेकंड राउंड होता है।

ब्राजील के राष्ट्रपति चुनाव पर दुनिया की नजरें हैं। तमाम पोल्स और सर्वे में कहा जा रहा था कि पूर्व राष्ट्रपति लूला आसान जीत दर्ज करने जा रहे हैं। कुछ सर्वे में तो उन्हें 65% से ज्यादा वोट हासिल करते दिखाया गया। रविवार को मतदान के बाद साफ हो गया कि बोल्सोनारो को वेस्टर्न मीडिया भले ही हार की कगार पर बता रहा हो, लेकिन ब्राजीलियन इतनी आसानी से उन्हें खारिज करने वाले नहीं हैं।

अब लैटिन अमेरिका के इस सबसे बड़े देश में राष्ट्रपति का फैसला 30 अक्टूबर को होगा। इसके पहले 21.7 करोड़ लोगों के इस देश में हिंसा होने का खतरा बना हुआ है। बोल्सोनारो पहले ही कह चुके हैं कि अगर नतीजे उनके पक्ष में नहीं रहे तो वो इन्हें मानेंगे नहीं।

ब्राजील के सामने पर्यावरण संतुलन, भुखमरी और खस्ताहाल अर्थव्यवस्था जैसी चुनौतियां हैं। इसके बावजूद राष्ट्रपति बोल्सोनारो मतदाताओं को वोटिंग मशीन से फर्जीवाड़े के नाम पर गुमराह कर रहे हैं। उनका दावा है कि वो सिर्फ एक ही सूरत में इलेक्शन हार सकते हैं, यानी धांधली होने पर। उनका यहां तक कहना है कि फौज को रिजल्ट चेक करना चाहिए।

देश में बाढ़ और अमेजन के जंगलों में आग जैसी कई घटनाएं हुईं। इसके बावजूद बोल्सोनारो ने इन इलाकों में कैम्पेन और रैलियां कीं। इसके लिए उनके विरोधी लामबंद भी हुए। बोल्सोनारो दावा करते हैं कि ब्राजील के सभी 27 राज्यों में उन्हें जीत हासिल होगी।